CG NEWS : दुर्ग पुलिस लगातार महादेव पर कर रही कार्रवाई.. महादेव और रेड्‌डी अन्ना ऐप की 2 ब्रांच पर रेड, 6 आरोपी गिरफ्तार, कई मोबाइल जब्त, लाखों के ट्रांजेक्शन की मिली जानकारी

0
18

भिलाई. दुर्ग पुलिस लगातार महादेव पर कार्रवाई कर रही है। नए साल में जनवरी महीने में अब तक तीन बड़ी कार्रवाई दुर्ग पुलिस कर चुकी है। पुलिस ने तीन कार्रवाई में 19 आरोपियों को जेल भेजा है। तीसरी कार्रवाई में पुलिस ने सुपेला क्षेत्र में महादेव और रेड्डी अन्ना सट्टा ऐप की दो सब ब्रांच पर रेड मारकर 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इन आरोपियों के पास से कई मोबाइल और लाखों का ट्रांजेक्शन भी मिला है।

सुपेला थाना प्रभारी दुर्गेश शर्मा ने बताया कि पकड़े गए सभी आरोपी भिलाई के सुपेला क्षेत्र के रहने वाले हैं। इसमें पहला ब्रांच भीषम साहू (28 वर्ष) निवासी लक्ष्मी नगर सुपेला के निर्देशन में चल रहा था। इस ब्रांच पर छापा मारकर पुलिस ने भीषम सिहत चंद्रभूषण साव (24 वर्ष) लक्ष्मी नगर सुपेला और जयंत सेन (22 वर्ष) शास्त्री नगर केम्प-1 को भी गिरफ्तार किया है। भीषण सट्टा के साथ-साथ पेंटिंग का काम भी करता था। वहीं दूसरा ब्रांच मोहम्मद शादाब (23 वर्ष) गांधी चौक कैम्प-2 के नेतृत्व में चल रहा था। इसके साथ पुलिस ने राजकुमार सिंह उर्फ मसाला (23 वर्ष) शांति नगर भिलाई और सचिन यादव (26 वर्ष) आर्य नगर कोहका को भी गिरफ्तार किया है। पुलिस सभी आरोपियों से पूछताछ कर रही है।

एक साथ दो-दो सट्टा एप चलाते थे आरोपी
पुलिस ने सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके मोबाइल की जांच की तो उसमें एक नहीं दो-दो सट्टा एप डाउनलोड था। ये लड़के महादेव और रेड्डी अन्ना बुक दोनों के लिए काम करते थे। कई लड़कों के मोबाइल में बेट-9 का ऐप भी मिला है। ये खुद भी अपनी आईडी चला कर लोगों से दांव लगवाने का काम करते थे। ऐसा करके हर एक लड़का रोजाना 10-15 हजार रुपए की कमाई कर लेता था।

कई राज्यों में बैठे हैं इनके आका, जल्द होगा बड़ा खुलासा
पुलिस पकड़े गए सभी आरोपियों से पूछताछ कर रही है। शुरुआत पूछताछ में आरोपियों से कई महत्वपूर्ण राज मिले हैं। आरोपियों ने बताया कि उनके आका कौन हैं। वो लोग कहां-कहां बैठकर सट्टा चला रहे हैं। पुलिस ने बताया कि इनके आका महाराष्ट्र, यूपी, एमपी, दिल्ली और छत्तीसगढ़ जैसे अलग-अलग राज्यों में बैठकर ऑनलाइन सट्टा का कारोबार कर रहे हैं। पुलिस को इन सभी की पूरी जानकारी मिलने के बाद वो सभी जगह एक साथ छापेमारी करेगी। पुलिस का कहना है कि इस मामले वो इस बार एक बड़ा खुलासा करेगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here