CG News: जिला अस्पताल में महिला ने एक साथ दिया 3 बच्चों को जन्म…तीनों बच्चे स्वस्थ…डॉक्टर बोले- ट्रिपलेट्स डिलीवरी का पहली बार मौका मिला

0
20

बलौदाबाजार, 21 सितंबर 2023 । बलौदाबाजार जिला अस्पताल में बुधवार को महिला ने ट्रिपलेट्स (एक साथ 3 बच्चों) को जन्म दिया। दंपती के घर शादी के 2 साल बाद खुशखबरी आई है। तीनों बच्चे स्वस्थ और डॉक्टर की निगरानी में हैं।

जिला अस्पताल की स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ करुणा रूपरेला ने बताया कि कोसमंदा (भाटापारा) में रहने वाले दुर्गेश साहू ने अपनी गर्भवती पत्नी सोनी साहू को प्रसव के लिए भर्ती कराया था। बुधवार दोपहर करीब 1 बजे सिजेरियन से महिला ने 3 बच्चों को जन्म दिया। इनमें एक लड़की और 2 लड़के हैं। सभी बच्चे स्वस्थ हैं।

डिलीवरी कराने वाली टीम में स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ करुणा रूपरेला, ओटी इंचार्ज डॉ आयशा बेगम, डॉ ईशान दुबे, डॉ रोशन देवांगन शामिल रहे। इन्होंने बताया कि ट्रिपलेट्स की डिलीवरी करवाने का उन्हें पहली बार मौका मिला। उन्होंने कहा कि बच्चों का वजन थोड़ा कम है, लेकिन सभी स्वस्थ हैं और उन्हें निगरानी में रखा गया है। मां की हालत भी ठीक है।

 

डिलीवरी के बाद मां सोनी और पिता दुर्गेश ने भगवान और डॉक्टरों की टीम का आभार जताया है। उन्होंने कहा कि भगवान ने 3 बच्चों को देकर उनकी झोली खुशियों से भर दी है। हमारा परिवार 2 बेटों और एक बेटी से पूरा हो गया है। उन्होंने कहा कि उन्हें इस बात का अंदाजा नहीं था कि उन्हें एक से ज्यादा बच्चे होने वाले हैं। जिला अस्पताल के प्रमुख डॉ राजेश अवस्थी ने कहा कि संभवतः ये जिले का पहला मामला है, जहां महिला ने एक साथ 3 स्वस्थ बच्चों को जन्म दिया है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here