9 महीने में चमत्कार! आयुष्मान योजना के क्रियान्वयन में देश में नंबर-1 बना छत्तीसगढ़ — भोपाल कॉन्क्लेव में मिला राष्ट्रीय सम्मान
प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना में अव्वल प्रदर्शन, राष्ट्रीय स्वास्थ्य प्राधिकरण कॉन्क्लेव में छत्तीसगढ़ को ‘श्रेष्ठ राज्य’ का खिताब

रायपुर।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ ने स्वास्थ्य क्षेत्र में इतिहास रच दिया है। कभी देशभर में सबसे नीचे पायदान पर रहने वाला राज्य अब प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना (आयुष्मान भारत) के क्रियान्वयन में देश में पहले स्थान पर पहुंच गया है।

भोपाल में आयोजित राष्ट्रीय स्वास्थ्य प्राधिकरण (NHA) कॉन्क्लेव में छत्तीसगढ़ को “श्रेष्ठ प्रदर्शन राज्य” के सम्मान से नवाजा गया। यह उपलब्धि राज्य सरकार की सतत निगरानी, नवाचारपूर्ण कार्यशैली और जमीनी स्तर पर मजबूत क्रियान्वयन तंत्र का परिणाम मानी जा रही है।
पिछले जनवरी 2025 में छत्तीसगढ़ देश में सबसे नीचे स्थान पर था, लेकिन केवल नौ महीनों में राज्य ने शीर्ष पायदान पर पहुंचकर अभूतपूर्व सुधार दर्ज किया।
आयुष्मान योजना की दावा प्रक्रिया में टर्नअराउंड टाइम घटाया गया, जिससे लाभार्थियों को त्वरित स्वास्थ्य सेवाएं मिल सकीं। वहीं, फील्ड ऑडिट, जागरूकता कार्यक्रम और पैनल अस्पतालों के साथ बेहतर समन्वय ने इस सफलता को नई ऊंचाई दी।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने इस गौरवपूर्ण उपलब्धि के लिए स्वास्थ्य विभाग के सभी अधिकारियों और स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं को बधाई दी है। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि राज्य के हर नागरिक के लिए बेहतर और सुलभ स्वास्थ्य सेवाओं की दिशा में मील का पत्थर है।
उल्लेखनीय है कि प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना देश की सबसे बड़ी स्वास्थ्य बीमा योजना है, जो आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को ₹5 लाख तक का कैशलेस बीमा कवर प्रदान करती है। इस योजना का उद्देश्य परिवारों पर स्वास्थ्य खर्च का बोझ कम करना और उन्हें गुणवत्तापूर्ण इलाज उपलब्ध कराना है।
![]() |
![]() |
![]() |
![]() |
![]() |
![]() |
![]() |