CG News: सीतापुर में एक करोड़ की उठाईगिरी का खुलासा, 46 लाख के सोने-चांदी के जेवर बरामद, 500 से ज्यादा CCTV फुटेज खंगाले

छत्तीसगढ़ August 17, 2026 • रिपोर्टर: raigarh top news
CG News: सीतापुर में एक करोड़ की उठाईगिरी का खुलासा, 46 लाख के सोने-चांदी के जेवर बरामद, 500 से ज्यादा CCTV फुटेज खंगाले

CG News: सीतापुर में एक करोड़ की उठाईगिरी का खुलासा, 46 लाख के सोने-चांदी के जेवर बरामद, 500 से ज्यादा CCTV फुटेज खंगाले

 

सीतापुर/सरगुजा। सीतापुर थाना क्षेत्र में ज्वेलरी कारोबारी के बैग से करीब एक करोड़ रुपये के सोने-चांदी के आभूषण की उठाईगिरी के मामले का पुलिस ने खुलासा किया है। संयुक्त पुलिस टीम ने छत्तीसगढ़, झारखंड और ओडिशा में करीब 500 सीसीटीवी फुटेज खंगालने के बाद संदिग्धों की पहचान की। पुलिस ने ओडिशा के गंजाम जिले में एक संदिग्ध के घर से चोरी गए करीब 46 लाख रुपये के सोने-चांदी के आभूषण बरामद किए हैं।

मामला 26 जुलाई 2026 का है। सीतापुर निवासी अरुणदेव सोनी ने पुलिस को बताया था कि हाईस्कूल सीतापुर के पास उनकी कांशी विश्वनाथ ज्वेलर्स की दुकान है। सुबह करीब 11:30 बजे वे स्कूटी से ज्वेलरी का बैग लेकर दुकान पहुंचे थे। दुकान के पास स्कूटी खड़ी कर शटर खोलने के दौरान अज्ञात व्यक्ति स्कूटी के सामने रखा ज्वेलरी से भरा बैग लेकर फरार हो गया था। बैग में करीब एक करोड़ रुपये के सोने-चांदी के आभूषण थे।

रिपोर्ट पर थाना सीतापुर में अपराध क्रमांक 296/2026, धारा 303(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।

500 से ज्यादा CCTV फुटेज खंगाले

मामले की गंभीरता को देखते हुए डीआईजी/वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सरगुजा राजेश कुमार अग्रवाल के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रितेश चौधरी के नेतृत्व में साइबर सेल अंबिकापुर और थाना सीतापुर की संयुक्त टीम गठित की गई।

पुलिस टीम ने घटनास्थल और आरोपियों के संभावित रूट के करीब 500 सीसीटीवी फुटेज का बारीकी से विश्लेषण किया। फुटेज में दो मोटरसाइकिलों पर सवार चार संदिग्ध कारोबारी का बैग लेकर भागते दिखाई दिए। पुलिस ने फुटेज के आधार पर उनका रूट ट्रेस किया, जो सरगुजा के गेरसा से होते हुए जशपुर के कांसाबेल, कुनकुरी, सिंगीबहार तथा झारखंड के कुरडेग, खैरनटोली, सिमडेगा और ओडिशा के सुंदरगढ़ सहित अन्य इलाकों तक पहुंचा।

तकनीकी विश्लेषण और अलग-अलग राज्यों की पुलिस से समन्वय के बाद संदिग्धों की पहचान चांटी दास निवासी ग्राम सोर्डा, जिला गंजाम, ओडिशा और नागेश्वर राव निवासी नारायणपुर, थाना कोटिनाडा, जिला गंजाम, ओडिशा के रूप में हुई।

ओडिशा में 10 दिन चला सर्च ऑपरेशन

आरोपियों की पहचान होने के बाद साइबर सेल और थाना सीतापुर की संयुक्त टीम को गंजाम, ओडिशा भेजा गया। स्थानीय पुलिस के सहयोग से टीम ने आरोपियों के संभावित ठिकानों पर करीब 10 दिनों तक लगातार सर्च ऑपरेशन चलाया।

इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि संदिग्ध चांटी दास 16 अगस्त की रात अपने घर आया था। सूचना के आधार पर संयुक्त पुलिस टीम उसके घर पहुंची। घर पर ताला लगा था, जिसके बाद विधिवत तलाशी ली गई।

तलाशी के दौरान पुलिस को घर में छिपाकर रखे गए करीब 300.92 ग्राम सोने के आभूषण, जिनकी कीमत लगभग 43 लाख रुपये, तथा 1 किलो 168 ग्राम चांदी के आभूषण, जिनकी कीमत करीब 3 लाख रुपये, बरामद हुए। इस तरह पुलिस ने कुल करीब 46 लाख रुपये के आभूषण जब्त किए हैं।

दो आरोपियों समेत अन्य की तलाश जारी

पुलिस के अनुसार मामले में चांटी दास और नागेश्वर राव सहित अन्य आरोपी भी संलिप्त हैं। सभी आरोपियों की गिरफ्तारी और शेष चोरी की संपत्ति की बरामदगी के लिए पुलिस की तलाश जारी है।

इस पूरे मामले के खुलासे में साइबर सेल अंबिकापुर, थाना सीतापुर और थाना मणीपुर की पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। वहीं ओडिशा पुलिस के अधिकारियों और जवानों ने भी आरोपियों की तलाश और कार्रवाई में सहयोग किया।

खबर शेयर करें: