छत्तीसगढ़देशरायगढ़

डंकी रूट की बजाय स्किल प्रशिक्षण के माध्यम से विदेशों में रोजगार प्राप्त करें युवा: नवीन जिन्दल

डंकी रूट की बजाय स्किल प्रशिक्षण के माध्यम से विदेशों में रोजगार प्राप्त करें युवा: नवीन जिन्दल

एआई और स्किल प्रशिक्षण से सशक्त होगा युवा भारत : नवीन जिन्दल

एआई के उपयोग के लिए सही प्रशिक्षण और समझ है जरूरी: नवीन जिन्दल

सांसद नवीन जिन्दल की उपस्थिति में “नवीन अवसर” पहल के एक वर्ष पूर्ण होने पर हुआ भव्य कार्यक्रम

कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के कुलपति प्रोफेसर सोमनाथ सचदेवा ने सांसद नवीन जिन्दल का 108 फुट तिरंगा स्थापित करने की घोषणा के लिए जताया आभार

निमाया फाउंडेशन के संस्थापक नव्या नवेली नंदा और सम्यक चक्रवर्ती भी रहे उपस्थित







नवीन जिन्दल फाउंडेशन द्वारा ‘Gen AI Ready Nari’ कार्यक्रम में छात्राओं को दिए गए सर्टिफिकेट

नवीन जिन्दल फाउंडेशन का बड़ा कदम, अगले वर्ष दस हजार युवाओं को देगा प्रशिक्षण

क्षेत्र के सभी बड़े कॉलेजों में स्थापित किए जाएंगे नवीन अवसर सेंटर

कुरुक्षेत्र, 21 मार्च। नवीन जिन्दल फाउंडेशन की ओर से “नवीन अवसर” पहल के एक वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के आरके सदन में एक भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर सांसद नवीन जिन्दल ने छात्राओं के साथ आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के विषय पर संवाद स्थापित करते हुए उन्हें आधुनिक तकनीक के सही उपयोग के प्रति जागरूक किया। साथ ही, निमाया फाउंडेशन और नवीन जिन्दल फाउंडेशन के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित “Gen AI Ready Nari” कार्यक्रम के अंतर्गत प्रशिक्षण प्राप्त करने वाली छात्राओं को प्रमाण पत्र वितरित किए गए।

सांसद नवीन जिन्दल ने अपने संबोधन में कहा कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस आज के समय में लगभग हर समस्या का समाधान प्रस्तुत करने की क्षमता रखता है, लेकिन इसके प्रभावी उपयोग के लिए सही प्रशिक्षण और समझ अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने युवाओं को अधिक से अधिक कौशल प्रशिक्षण प्राप्त करने के लिए प्रेरित करते हुए आश्वासन दिया कि नवीन जिन्दल फाउंडेशन हर स्तर पर सहयोग देने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने विशेष रूप से इस बात पर बल दिया कि क्षेत्र के युवा “डंकी रूट” जैसे जोखिमपूर्ण रास्तों की बजाय स्किल आधारित शिक्षा के माध्यम से विदेशों में रोजगार प्राप्त करें, ताकि उन्हें सम्मान और पहचान दोनों मिल सकें।
उन्होंने कहा कि नवीन जिन्दल फाउंडेशन द्वारा संचालित स्किल सेंटरों के माध्यम से युवाओं को तकनीकी कौशल, भाषा ज्ञान और करियर मार्गदर्शन जैसी महत्वपूर्ण सेवाएं प्रदान की जा रही हैं।

सांसद नवीन जिन्दल ने कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय परिसर में फ्लैग फाउंडेशन ऑफ इंडिया की ओर से 108 फुट ऊंचा राष्ट्रीय ध्वज स्थापित करने की घोषणा भी की, जो युवाओं में राष्ट्रभक्ति और गौरव की भावना को और सुदृढ़ करेगा।

इस कार्यक्रम के दौरान सांसद नवीन जिन्दल और कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. सोमनाथ सचदेवा, निमाया फाउंडेशन की संस्थापक नव्या नवेली नंदा और सम्यक चक्रवर्ती ने आगामी वर्ष के लिए तीन नई योजनाओं का शुभारंभ किया। इनमें “सेंटर ऑफ एक्सीलेंस फॉर एम्प्लॉयबिलिटी स्किल्स”, “सेंटर ऑफ जॉब्स एंड इंटरनेशनल मोबिलिटी” तथा “सेंटर फॉर लैंग्वेज एंड वर्कप्लेस स्किल्स” शामिल हैं।

कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. सोमनाथ सचदेवा ने कहा कि सांसद नवीन जिन्दल युवाओं को रोजगार के अवसर प्रदान करने की दिशा में निरंतर प्रयासरत हैं, जो अत्यंत सराहनीय है। उन्होंने सांसद नवीन जिन्दल द्वारा विश्वविद्यालय परिसर में 108 फुट उंचा तिरंगा स्थापित करने की घोषणा का स्वागत एवं आभार व्यक्त किया।

इस कार्यक्रम के दौरान शिक्षा, कौशल विकास, तकनीकी प्रशिक्षण और रोजगार सृजन के क्षेत्र में किए गए नवाचारों पर विस्तृत मंथन किया गया। निमाया फाउंडेशन की संस्थापक नव्या नवेली नंदा ने अपने विचार साझा करते हुए कहा कि हरियाणा की महिलाओं में अपार संभावनाएं हैं। उन्होंने यहां आकर इस क्षमता को प्रत्यक्ष रूप से अनुभव किया है। उन्होंने बताया कि उनकी टीम में कई स्थानीय महिलाओं का चयन भी हुआ है और वे महिला सशक्तिकरण के इस अभियान को निरंतर आगे बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध हैं।

नवीन जिन्दल फाउंडेशन के डॉ. मनीष मिश्रा ने बताया कि 31 मार्च 2026 तक लगभग 5000 युवाओं को स्किल प्रशिक्षण देने का लक्ष्य प्राप्त कर लिया जाएगा, जबकि आगामी वर्ष में 10,000 से अधिक युवाओं को प्रशिक्षित करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसके साथ ही जल्द ही आरकेएसडी कॉलेज, कैथल में एक नया स्किल सेंटर स्थापित किया जाएगा। इसके साथ-साथ क्षेत्र के सभी बड़े कॉलेजों में नवीन अवसर सेंटर स्थापित किए जाएंगे।
इस अवसर पर 2 कोम्स के प्रशांत पचीसिया ने कहा कि नवीन जिन्दल फाउंडेशन द्वारा संचालित कुरुक्षेत्र इंटरनेशनल स्किल सेंटर के माध्यम से जर्मनी, ऑस्ट्रिया, ऑस्ट्रेलिया और न्यूजीलैंड में सैकड़ो युवाओं को रोजगार दिलाने का काम किया जाएगा।
इस कार्यक्रम में संजय सिंह पूर्व आईएएस, कर्नल अरुण चंदेल (रिटायर्ड), कुमार अमन, धर्मवीर सिंह पूर्व आईएएस, डॉ. सुनील ढींगरा, अमित रांगटा, अभिषेक सहगल, डॉ. रीटा, डॉ. पूनम और तान्या काला सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।



IMG-20240424-WA0003
previous arrow
next arrow

raigarh top news

www.raigarhtopnews.com दैनिक हिन्दी न्यूज वेबसाईट है और रायगढ़ जिले का सर्वाधिक लोकप्रिय व सबसे ज्यादा पढ़ा जाने वाला न्यूज वेबसाईट है। www.raigarhtopnews.com पूरे छत्तीसगढ़ प्रदेश व रायगढ़ जिले की शासकीय व अर्द्धशासकीय योजनाओं के साथ सभी खबरों को प्राथमिकता के साथ प्रसारित करने में अपना महत्वपूर्ण योगदान देता है।
Back to top button