Raigarh News: कच्चा मकान गिरने से महिला की मौत, पति-बेटा गंभीर घायल, बारिश के कारण ढहा जर्जर मकान
Raigarh News: कच्चा मकान गिरने से महिला की मौत, पति-बेटा गंभीर घायल, बारिश के कारण ढहा जर्जर मकान
रायगढ़। रायगढ़ जिले के पुसौर ब्लॉक में कच्चा मकान गिरने से महिला की मौत हो गई। हादसे में उसका पति और 13 साल का बेटा भी घायल हो गया। घटना रविवार देर रात करीब 3 बजे पुसौर थाना क्षेत्र के नंदेली गांव के महंत पारा की है। हादसे के बाद ग्रामीणों ने मलबे में दबे परिवार के तीनों सदस्यों को बाहर निकाला और अस्पताल पहुंचाया।
जानकारी के मुताबिक, नंदेली के महंत पारा निवासी रोहिणी महंत (40), उनके पति रतन महंत (45) और बेटा शिवम महंत (13) रात में घर पर सो रहे थे। इसी दौरान अचानक कच्चा मकान भरभराकर गिर गया। तीनों मलबे में दबकर गंभीर रूप से घायल हो गए। मकान गिरने की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी।
ग्रामीणों ने मलबे से बाहर निकाला
ग्रामीण अनमोल महंत समेत अन्य लोगों ने मौके पर पहुंचकर तीनों को मलबे से बाहर निकाला। इसके बाद उन्हें इलाज के लिए पुसौर अस्पताल ले जाया गया। सूचना मिलने पर डायल-112 की टीम भी मौके पर पहुंची। महिला की हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसे रायगढ़ रेफर कर दिया।
अस्पताल ले जाते समय महिला ने दम तोड़ा
रोहिणी महंत को रायगढ़ ले जाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। वहीं पति रतन महंत और बेटे शिवम का अस्पताल में इलाज जारी है। दोनों की हालत गंभीर बताई जा रही है।महिला के पति और बेटे को गंभीर हालत में इलाज के लिए भर्ती किया गया।
बारिश के कारण जर्जर मकान धंसा
बताया जा रहा है कि पुसौर क्षेत्र में पिछले 2-3 दिनों से बारिश हो रही थी। बारिश के कारण मिट्टी से बना जर्जर मकान धंस गया। इस दौरान दीवार और चौखट गिरने से रोहिणी के सिर में गंभीर चोट लगी, जिससे उसकी मौत हो गई। पुलिस ने मामले में आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।