युवाओं को तिरंगे के प्रति जागरूक कर रहा है फ्लैग फाउंडेशन ऑफ इंडिया द्वारा चलाया जा रहा अभियान: रविंद्र धीमान

राष्ट्रीय ध्वज के सम्मान का संदेश लेकर कलायत पहुंचा जागरूकता अभियान, छात्राओं में भरी नई चेतना
कलायत, 20 जनवरी। सांसद नवीन जिन्दल के प्रेरणादायी नेतृत्व में फ्लैग फाउंडेशन ऑफ इंडिया द्वारा संचालित राष्ट्रीय ध्वज जागरूकता अभियान–2026 के तहत कलायत स्थित श्री कपिल मुनि महिला कॉलेज में एक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य छात्राओं को राष्ट्रीय ध्वज की ऐतिहासिक पृष्ठभूमि, उसके सम्मान से जुड़े नियमों और तिरंगे को लेकर नागरिकों के कर्तव्यों से परिचित कराना रहा।
इस अवसर पर आयोजित संगोष्ठी में वक्ताओं ने छात्राओं को बताया कि राष्ट्रीय ध्वज केवल एक प्रतीक नहीं, बल्कि देश की स्वतंत्रता, एकता और स्वाभिमान का जीवंत स्वरूप है। फ्लैग फाउंडेशन ऑफ इंडिया के प्रवक्ता डॉ. राज कुमार ने अपने संबोधन में तिरंगे की विकास यात्रा, ध्वज संहिता के महत्वपूर्ण प्रावधानों और उसके गरिमापूर्ण उपयोग से जुड़ी जानकारियां साझा कीं। उन्होंने विस्तार से बताया कि सांसद नवीन जिन्दल ने आम नागरिकों को सम्मानपूर्वक तिरंगा फहराने का अधिकार दिलाने के लिए वर्षों तक संवैधानिक और कानूनी स्तर पर संघर्ष किया, जिसके परिणामस्वरूप आज देश का हर नागरिक गर्व के साथ राष्ट्रीय ध्वज फहरा सकता है। यही ऐतिहासिक पहल आगे चलकर फ्लैग फाउंडेशन ऑफ इंडिया की स्थापना का आधार बनी।
कार्यक्रम में कैथल कार्यालय प्रभारी रविंद्र धीमान ने छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि युवाओं को तिरंगे के प्रति फ्लैग फाउंडेशन ऑफ इंडिया द्वारा चलाया जा रहा अभियान जागरूक कर रहा है। राष्ट्रीय ध्वज का सम्मान केवल भावना नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है। उन्होंने आग्रह किया कि यदि कहीं भी पुराना, फटा या क्षतिग्रस्त तिरंगा दिखाई दे, तो उसे सम्मानपूर्वक फ्लैग फाउंडेशन ऑफ इंडिया को सौंपा जाए, ताकि उसका विधिसम्मत नवीनीकरण किया जा सके। उन्होंने युवाओं से सांसद नवीन जिन्दल की इस मुहिम से जुड़कर तिरंगे के सम्मान को जन-आंदोलन का रूप देने की अपील की।
संगोष्ठी के दौरान छात्राओं को राष्ट्रीय ध्वज जागरूकता अभियान–2026 की गतिविधियों से अवगत कराया गया तथा राष्ट्रप्रेम और नागरिक दायित्व की भावना को मजबूत करने के लिए लेपल फ्लैग और रिस्ट बैंड भी वितरित किए गए।
इस अवसर पर श्री कपिल मुनि महिला कॉलेज के प्रिंसिपल डॉ. सुनील गर्ग, वाइस प्रिंसिपल श्रीमती शीला देवी, डॉ. कविता, एनएसएस कोऑर्डिनेटर डॉ. राम जुवारी, डॉ. प्रदीप कुमार, कॉलेज प्रबंधन समिति के सदस्य, कलायत हल्का प्रभारी वीरेंद्र सारण, सुमित कुमार, राहुल शर्मा सहित बड़ी संख्या में छात्राएं उपस्थित रहीं। कार्यक्रम के समापन पर सभी ने राष्ट्रीय ध्वज की गरिमा, संरक्षण और मर्यादित उपयोग के प्रति सदैव जागरूक रहने का सामूहिक संकल्प लिया।
|
|
|
|
![]() |
![]() |
| ||






