
कैथल: 28 फरवरी। सांसद नवीन जिन्दल की पहल पर नवीन जिन्दल फाउंडेशन “नवीन अवसर” के तहत कैथल में आरकेएसडी नवीन अवसर इंटरनेशनल स्किल सेंटर आरंभ करने जा रहा है। यह केंद्र राष्ट्रीय विद्या समिति के सहयोग से स्थापित किया जा रहा है। इस सेंटर का मुख्य उद्देश्य क्षेत्र के युवाओं को बेहतर कौशल प्रशिक्षण दिलाकर उन्हें रोजगार के लिए तैयार करना है।
आरकेएसडी कॉलेज में स्थापित इस इंटरनेशनल स्किल सेंटर का उद्घाटन जल्द ही सांसद नवीन जिन्दल द्वारा किया जाएगा। इस सेंटर के तहत परिसर में आधुनिक प्रशिक्षण सुविधाओं के लिए तैयारियां की जा रही हैं, ताकि विद्यार्थियों को अच्छा और उपयोगी प्रशिक्षण मिल सके।
यह इंटरनेशनल स्किल सेंटर कैथल और आसपास के युवाओं के साथ-साथ राष्ट्रीय विद्या समिति के संस्थानों के विद्यार्थियों के लिए भी उपयोगी रहेगा। यहां ऐसे कोर्स शुरू किए जाएंगे जिनकी आज के समय में काफी मांग है।
इस सेंटर में शुरुआत में ब्यूटी एवं वेलनेस, जेन-एआई और आईटी-आईटीईएस, इंटरनेशनल मोबिलिटी (विदेश में रोजगार के अवसर), मीडिया एवं एंटरटेनमेंट तथा बैंकिंग, वित्तीय सेवाएं और बीमा क्षेत्रों का प्रशिक्षण दिया जाएगा। इन कोर्सों का उद्देश्य युवाओं को नौकरी के लिए तैयार करना और उनका आत्मविश्वास बढ़ाना है।
इस संबंध में उपरोक्त जानकारी देते हुए अश्वनी शोरेवाला, प्रेसिडेंट आरकेएसडी सोसाइटीज ने कहा कि इस इंटरनेशनल स्किल सेंटर से प्रशिक्षण लेकर युवा रोजगार पा सकेंगे और अपना कार्य आरंभ करने में सक्षम होंगे। यह एक दूरदर्शी पहल है। उन्होंने कैथल में कौशल प्रशिक्षण केंद्र की स्थापना और विस्तार का जो कार्य किया है, वह क्षेत्र के भविष्य को नई दिशा देने वाला कदम है।
युवाओं के कौशल प्रशिक्षण को लेकर सांसद नवीन जिन्दल द्वारा किए जा रहे प्रयासों के बारे में, आरकेएसडी सोसाइटी की ओर से स्किल सेंटर के हैड नवनीत गोयल ने बताया कि सांसद नवीन जिन्दल की यह पहल युवाओं को नए अवसर देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने कहा कि नवीन जिन्दल फाउंडेशन का लक्ष्य है कि क्षेत्र के युवाओं को सही प्रशिक्षण और मार्गदर्शन मिले, ताकि वे देश और विदेश में अच्छे अवसर प्राप्त कर सकें। यह स्किल सेंटर कैथल और आस पास के युवाओं के लिए कौशल विकास और रोजगार के नए रास्ते खोलने का काम करेगा।
नवीन जिन्दल फाउंडेशन से अभिषेक सहगल ने बताया कि सांसद नवीन जिन्दल कुरूक्षेत्र संसदीय क्षेत्र में अंतर्राष्ट्रीय स्किल सेंटर बनाने के लिए संकल्पित हैं। इससे पूर्व, जिला कुरुक्षेत्र में कुरुक्षेत्र इंटरनेशनल स्किल सेंटर और महात्मा ज्योतिबा फुले इंटरनेशनल स्किल सेंटर के द्वारा युवाओं को कौशल प्रशिक्षण दिया जा रहा है। अब इसी तर्ज पर कैथल में भी कौशल प्रशिक्षण संस्थान आरंभ किया जा रहा है।
|
|
|
|
![]() |
![]() |
| ||






