CG News: नदी में डूबने से छात्र की मौत, दोस्तों के साथ अरपा नदी में नहाते समय हुआ हादसा, 2 घंटे बाद मिला शव

छत्तीसगढ़ August 13, 2026 रिपोर्टर: raigarh top news
CG News: नदी में डूबने से छात्र की मौत, दोस्तों के साथ अरपा नदी में नहाते समय हुआ हादसा, 2 घंटे बाद मिला शव

CG News: नदी में डूबने से छात्र की मौत, दोस्तों के साथ अरपा नदी में नहाते समय हुआ हादसा, 2 घंटे बाद मिला शव

बिलासपुर. बिलासपुर में दोस्तों के साथ अरपा नदी में नहाते समय 14 वर्षीय किशोर गहरे पानी में डूब गया। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और SDRF की टीम मौके पर पहुंची। करीब दो घंटे तक चले रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद दोपहर करीब 2 बजे किशोर का शव नदी से बरामद किया गया। बताया जा रहा है कि छात्र अपने दोस्तों के साथ अरपा नदी में नहाने गया था, तभी ये हादसा हो गया। घटना सरकंडा थाना क्षेत्र की है।

जानकारी के मुताबिक सौरभ धुरी (14) पिता जीवन धुरी नवमी कक्षा का छात्र था। गुरुवार दोपहर करीब 12 बजे वह चार-पांच दोस्तों के साथ अरपा नदी में नहाने गया था। सभी बच्चे नदी में नहा रहे थे। इसी दौरान सौरभ गहरे पानी की ओर चला गया और अचानक डूबने लगा।

डूबते देख दोस्तों ने बचाने की कोशिश

दोस्तों ने उसे डूबते देखकर पहले बचाने की कोशिश की। लेकिन, वह तेजी से गहराई में समां गया। इससे घबराए लड़कों ने आसपास के लोगों और उसके परिजनों को घटना की जानकारी दी।

वहीं, इस घटना की सूचना मिलते ही सरकंडा पुलिस मौके पर पहुंची और सौरभ की तलाश शुरू की। नदी में पानी की गहराई अधिक होने के कारण SDRF की टीम को भी बुलाया गया।

कड़ी मशक्कत के बीच दो घंटे बाद मिला शव

SDRF के जवानों ने नदी में सघन रेस्क्यू अभियान चलाया। करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद टीम ने दोपहर करीब 2 बजे सौरभ का शव नदी से बाहर निकाला। शव मिलते ही मौके पर मौजूद परिजनों में चीख-पुकार मच गई।

पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा जाएगा। पुलिस ने मर्ग कायम कर घटना की जांच शुरू कर दी है।

खबर शेयर करें: