Sarangarh News: मां की हत्या के मामले में बेटा और पति गिरफ्तार, हत्या में प्रयुक्त लकड़ी का डंडा, पीढ़ा और कपड़े बरामद
Sarangarh News: मां की हत्या के मामले में बेटा और पति गिरफ्तार, हत्या में प्रयुक्त लकड़ी का डंडा, पीढ़ा और कपड़े बरामद
सारंगढ़-बिलाईगढ़, 7 सितंबर 2026। कोसीर थाना क्षेत्र के डडाईडीह गांव में महिला की हत्या के मामले का पुलिस ने 24 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए उसके बेटे और पति को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने दोनों आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। घटना में प्रयुक्त लकड़ी का डंडा, पीढ़ा और आरोपियों द्वारा घटना के समय पहने गए कपड़े भी बरामद किए गए हैं।
पुलिस के अनुसार, पुलिस अधीक्षक सुनील शर्मा के निर्देश पर गंभीर अपराधों में त्वरित कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक धीरेन्द्र पटेल के निर्देशन तथा एसडीओपी गोविंद सिंह दीवान के मार्गदर्शन में कोसीर पुलिस ने इस मामले में तेजी से जांच करते हुए आरोपियों तक पहुंच बनाई।
घर में मृत मिली थी महिला
पुलिस के मुताबिक, 5 सितंबर 2026 को सम्पत बरेठ ने थाना कोसीर पहुंचकर सूचना दी कि उसकी पत्नी बृतबाई बरेठ घर में मृत अवस्था में पड़ी है और उसकी मौत के कारण की जानकारी नहीं है। सूचना पर पुलिस ने मर्ग क्रमांक 24/26 कायम कर जांच शुरू की।
थाना प्रभारी निरीक्षक सुनीता नाग बंजारे ने एफएसएल टीम के साथ घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कराया। शव परीक्षण और पोस्टमार्टम के दौरान महिला के शरीर के अलग-अलग हिस्सों में चोट के निशान पाए गए। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में सिर और शरीर में गंभीर चोटों के कारण मौत होना बताया गया।
गांव वालों की सूचना से गहराया संदेह
जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि 4 सितंबर को बृतबाई बरेठ के साथ उसके पति और बेटे का विवाद हुआ था। ग्रामीणों ने घर से लड़ाई-झगड़े और मारपीट की आवाज भी सुनी थी। इस आधार पर पुलिस ने मृतिका के बेटे सोहन बरेठ और पति सम्पत बरेठ को हिरासत में लेकर पूछताछ की।
पूछताछ में सोहन ने पुलिस के सामने हत्या की पूरी घटना स्वीकार कर ली। उसके अनुसार, 4 सितंबर को वह अपनी मां को हाथ का इलाज कराने विश्वासपुर लेकर गया था। दोपहर में वापस लौटने के बाद शाम करीब 5 बजे घर के खर्च में अधिक पैसा खर्च होने की बात को लेकर उसका अपने पिता से विवाद हुआ। इस दौरान मां द्वारा पिता का पक्ष लेने पर वह गुस्से में आ गया और मां से भी विवाद करने लगा।
पीछे आंगन में ले जाकर की मारपीट
पुलिस के अनुसार, आरोपी बेटे ने अपनी मां को घर के पीछे आंगन में ले जाकर लकड़ी के डंडे, पीढ़ा और अन्य ठोस सामान से बुरी तरह मारपीट की। गंभीर चोट लगने से महिला की मौके पर ही मौत हो गई।
हत्या के बाद आरोपी ने घटना के साक्ष्य मिटाने के उद्देश्य से शव पर पानी डालकर खून साफ करने का प्रयास किया। इसके बाद वह शव को वहीं छोड़कर सो गया। रात करीब 12 से 1 बजे के बीच उसने शव को उठाकर घर के अंदर खटिया पर लिटा दिया।
अगली सुबह पिता सम्पत बरेठ के घर पहुंचने पर सोहन ने उसे पूरी घटना की जानकारी दी। इसके बाद दोनों अंतिम संस्कार की तैयारी करने लगे। इसी दौरान गांव के कोटवार के पुत्र को घटना की जानकारी मिली और उसने अंतिम संस्कार रोकते हुए पुलिस को सूचना देने की बात कही। इसके बाद सम्पत बरेठ थाना पहुंचा और पत्नी की मौत की जानकारी दी।
साक्ष्य छिपाने और गलत सूचना देने का भी आरोप
पुलिस की विवेचना में दोनों आरोपियों द्वारा महिला के साथ मारपीट कर उसकी हत्या करने, घटना के साक्ष्य छिपाने और पुलिस को गलत सूचना देने के तथ्य सामने आए। इसके बाद थाना कोसीर में अपराध क्रमांक 134/2026 के तहत धारा 103(1), 238(क), 3(5) बीएनएस में मामला दर्ज किया गया।
आरोपियों के मेमोरेंडम कथन के आधार पर पुलिस ने घटना में प्रयुक्त लकड़ी का डंडा, पीढ़ा और घटना के समय पहने गए कपड़े बरामद कर जब्त किए।
दोनों आरोपी गिरफ्तार, न्यायिक रिमांड पर भेजे गए
पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद पुलिस ने— सोहन बरेठ, पिता सम्पत बरेठ, उम्र 24 वर्ष, सम्पत बरेठ, पिता भकाडु बरेठ, उम्र 57 वर्ष दोनों निवासी डडाईडीह, थाना कोसीर, जिला सारंगढ़-बिलाईगढ़ को 6 सितंबर 2026 को क्रमशः रात 8:30 बजे और 8:35 बजे गिरफ्तार किया। दोनों आरोपियों को 7 सितंबर को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
इनकी रही अहम भूमिका
कार्रवाई में एसडीओपी गोविंद सिंह दीवान, एफएसएल अधिकारी संजय प्रसाद, थाना प्रभारी कोसीर निरीक्षक सुनीता बंजारे, एएसआई केसराम जांगड़े, प्रधान आरक्षक क्रमांक 74 भीमसेन, आरक्षक गोपाल साहू, सुरेश बर्मन, घनसाय कुर्रे, नरेंद्र चंद्रा एवं प्रदीप रात्रे का विशेष योगदान रहा।