CG News: गांजा तस्करी करते जीआरपी के दो सिपाही समेत तीन आरोपित गिरफ्तार

0
27

भिलाई। मोहन नगर पुलिस ने गांजा तस्करी की एक चेन को पकड़ने में सफलता हासिल की है। जीआरपी दुर्ग के दो सिपाही गांजा तस्करी कर रहे थे। इन्होंने भिंड मध्यप्रदेश के एक कोचिया को गांजा देने के लिए दुर्ग में बुलाया था। मुखबिर से इसकी जानकारी मिलने के बाद मोहन नगर पुलिस ने इन्हें गिरफ्तार किया। आरोपितों के पास से कुल 16 किलो गांजा जब्त किया गया है। इनके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई की जा रही है।

मोहन नगर पुलिस ने जीआरपी के दो सिपाही विकास सिंह (32) निवासी नयापारा शहीद भगत सिंह स्कूल के पास तितुरडीह दुर्ग और शैलेंद्र कुमार (34) निवासी रेलवे क्वाटर दुर्ग के साथ ही ग्राम चमू रोड बस स्टैंड के पास भिंड मध्यप्रदेश निवासी आकाश भदौरिया (20) को गिरफ्तार किया है। पुलिस को जानकारी मिली थी कि एक युवक दीपक नगर दुर्ग में गांजा खरीदने के लिए आया हुआ है। इस पर पुलिस ने आकाश भदौरिया को पहले घेराबंदी कर पकड़ा। आकाश भदौरिया ने दोनों सिपाहियों से गांजा खरीदने की जानकारी दी।











इस पर पुलिस ने आकाश से दोनों सिपाहियों को फोन करवाकर और गांजा मंगवाया। जैसे ही दोनों सिपाही विकास सिंह और शैलेंद्र कुमार गांजा लेकर दीपक नगर पहुंचे। पुलिस ने उन्हें भी गिरफ्तार कर लिया। आरोपितों के पास से 16 किलो गांजा जब्त किया गया है। पूछताछ में दोनों सिपाहियों ने पुलिस को जानकारी दी है कि वे लोग ट्रेन में रनिंग पेट्रोलिंग करते थे।

इस कारण से ओडिशा के कुछ गांजा तस्करों से उनकी पहचान हो गई थी। उन पर कोई शक नहीं कर सकता था। इसलिए ये दोनों सिपाही गांजा तस्करी के कारोबार में उतर गए। दोनों सिपाही ओडिशा से गांजा लेकर खपाते थे। पुलिस ने दोनों सिपाहियों के मोबाइल को भी जब्त किया है। मोबाइल से काल डिटेल निकाले जा रहे हैं। इसके बाद इसमें और भी लोगों की गिरफ्तारी की जा सकती है।













LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here