भारत-पाक सीमा के पास श्रीगंगानगर में रेलवे ट्रैक पर जोरदार धमाका, ट्रेन गुजरने के कुछ देर बाद हुई वारदात

देश November 4, 2026 • रिपोर्टर: raigarh top news
भारत-पाक सीमा के पास श्रीगंगानगर में रेलवे ट्रैक पर जोरदार धमाका, ट्रेन गुजरने के कुछ देर बाद हुई वारदात

भारत-पाक सीमा के पास श्रीगंगानगर में रेलवे ट्रैक पर जोरदार धमाका, ट्रेन गुजरने के कुछ देर बाद हुई वारदात

राजस्थान के श्रीगंगानगर में धमाका हुआ है। रामसिंहपुर थाना क्षेत्र में अनूपगढ़-सूरतगढ़ रेलवे ट्रैक पर जोरदार ब्लास्ट हुआ है, जिससे ट्रैक के दो सीमेंट पिलर क्षतिग्रस्त हो गए। यह घटना अनूपगढ़-सूरतगढ़ ट्रेन के गुजरने के कुछ देर बाद हुई। भारत-पाक अंतरराष्ट्रीय सीमा के पास हुई इस घटना से इलाके में हड़कंप मच गया है। सूचना मिलते ही एटीएस, सीआईडी, डॉग स्क्वायड और रेलवे की टीमें मौके पर पहुंच गई हैं। सुरक्षा के कारण इस रूट की सभी ट्रेनें रद्द कर दी गई हैं और एजेंसियां ब्लास्ट के कारणों की गहराई से जांच कर रही हैं।

ब्लास्ट से पूरी तरह टूट गए सीमेंट के 2 ब्लॉक

बता दें कि श्रीगंगानगर जिले में अनूपगढ़-सूरतगढ़ रेलवे लाइन पर पैसेंजर ट्रेन गुजरने के करीब 45 मिनट बाद ब्लास्ट हुआ है। ब्लास्ट के कारण रेलवे पटरी के नीचे लगे सीमेंट के दो ब्लॉक पूरी तरह से टूट गए। पटरियों के बीच 2 फीट गहरा गड्ढा हो गया। ये घटना मंगलवार देर रात करीब 9:45 बजे, अनूपगढ़ कस्बे के 50 जीबी गांव के पास की है।

धमाके के पीछे है किसका हाथ?

पुलिस के अनुसार, बुधवार सुबह 6 बजे तक इस लाइन से गुजरने वाली ट्रेनें कैंसिल की गई थीं। सुरक्षा एजेंसियां इस बात की जांच कर रही हैं कि सीमावर्ती इलाके में इस ब्लास्ट के पीछे असामाजिक तत्वों या देश विरोधी ताकतों का क्या हाथ है। इससे पहले हाल में भीलवाड़ा में एक्सप्लोसिव लदी पिकअप में जोरदार धमाका हुआ था। इस घटना में ड्राइवर की मौत हो गई थी।

FSL और ATS की टीम ने किया मौके का दौरा

पुलिस अधिकारी ने इस धमाके के मामले पर कहा कि मैंने और मेरी टीम ने मौके का जायजा लिया है। अन्य अधिकारी भी मौके पर मौजूद रहे। FSL और ATS की टीम भी यहां पहुंची। असल में क्या हुआ है, वह हम जांच के बाद ही बता पाएंगे। अभी ये कहना उचित नहीं रहेगा कि यह बम ब्लास्ट है या कुछ और। अभी हमने सिर्फ घटनास्थल का दौरा किया है और पता लगाने की कोशिश कर रहे हैं कि ऐसा कैसे हो गया। जब उनसे पूछा गया कि साढ़े 7 किलोग्राम RDX पकड़ा गया था, क्या ये उससे संबंधित है। इसपर उन्होंने कहा कि नहीं उससे संबंध नहीं है।

 

खबर शेयर करें: