BCCI ने सपोर्ट स्टाफ की नियुक्ति के लिए प्रोसेस किया शुरू, फील्डिंग कोच और फीजियो पद के लिए मंगाए आवेदन
BCCI ने सपोर्ट स्टाफ की नियुक्ति के लिए प्रोसेस किया शुरू, फील्डिंग कोच और फीजियो पद के लिए मंगाए आवेदन
भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड यानी बीसीसीआई ने महिला और पुरुष टीम में खाली सपोर्ट स्टाफ पदों को भरने का प्रोसेस शुरू कर दिया है, जिसमें महिला टीम में फील्डिंग कोच का पद खाली है तो वहीं पुरुष टीम में हेड फिजियोथेरेपिस्ट पद पर भर्ती के लिए आवेदन मांगे गए हैं। ये दोनों पद भारतीय महिला क्रिकेट टीम में फील्डिंग कोच मुनीश बाली और पुरुष क्रिकेट टीम में फीजियो कमलेश जैन की जगह भरने के लिए निकाले गए हैं। बीसीसीआई ने इन दोनों पदों के लिए आवेदन जारी करने के साथ इसके लिए 16 नवंबर की डेडलाइन रखी है जिसमें योग्य उम्मीदवार अपना आवेदन कर सकते हैं।
मुनीश बाली का जिम्बाब्वे सीरीज के साथ खत्म हो गया कार्यकाल
जिम्बाब्वे महिला क्रिकेट टीम के खिलाफ हाल में ही भारतीय टीम ने टी20 और वनडे फॉर्मेट में सीरीज खेली थी, जिसमें दोनों को वह एकतरफा तरीके से अपने नाम करने में कामयाब रहे थे। इस सीरीज के खत्म होने के साथ फील्डिंग कोच मुनीश बाली का कार्यकाल भी खत्म हो गया था। बीसीसीआई की तरफ से फील्डिंग कोच के लिए जो आवेदन जारी किया गया है उसमें फील्डिंग कोच सीनियर महिला टीम के लिए तीनों फॉर्मेट में फील्डिंग कोच की पोजीशन को संभालना होगा जिसमें टीम के प्रदर्शन को इस मामले में बेहतर करने में अपनी भूमिका निभानी होगी। इस भूमिका में फील्डिंग के लिए बेहतर शेड्यूल तैयार करना, प्रैक्टिस और मैच के दिन सेशन आयोजित करना और खिलाड़ियों के कौशल को बेहतर बनाने के लिए उन्हें व्यक्तिगत कोचिंग देना शामिल होगा। फील्डिंग कोच के पद के लिए आवेदन करने वालों को निर्धारित पात्रता मानदंडों में से कम से कम एक को पूरा करना होगा, जिसमें इंटरनेशनल लेवल पर भारत या किसी अन्य देश का प्रतिनिधित्व किया हो, कम से कम बीसीसीआई लेवल ‘बी’ कोचिंग सर्टिफिकेशन हो और साथ ही कम से कम 30 फर्स्ट-क्लास मैच खेले हों या फिर किसी अंतरराष्ट्रीय टीम को कम से कम एक सीजन के लिए या फिर किसी टी20 फ्रेंचाइजी या राज्य स्तरीय टीम को कम से कम दो सीजन के लिए कोचिंग दी हो।
फिजियोथेरेपिस्ट के लिए आवेदन करने वालों के लिए यह पात्रता मानदंड
बीसीसीआई की तरफ से भारतीय पुरुष टीम के लिए हेड फिजियोथेरेपिस्ट के लिए जो आवेदन मांगे गए हैं उसमें चोटों की वजह से खिलाड़ियों के प्रदर्शन में जो गिरावट आ जाती है उसको रोकने की जिम्मेदारी को प्रमुख तौर पर निभानी होगी। वे बीसीसीआई की स्पोर्ट्स साइंस एंड मेडिसिन टीम, स्पोर्ट्स साइंस एंड मेडिसिन के प्रमुख, बीसीसीआई सेंटर ऑफ एक्सीलेंस, कोचिंग स्टाफ और स्ट्रेंथ एंड कंडीशनिंग प्रोफेशनल्स के साथ मिलकर काम करेंगे। इस भूमिका में मैच के दिन फिजियोथेरेपी और रोजमर्रा की चोटों में सहायता देना, इंजरी का बेहतर इलाज करना रिहैबिलिटेशन के अलावा खेल में वापसी की योजनाएं तैयार करना शामिल होगा। खिलाड़ियों के वर्कलोड की निगरानी करेंगे और क्लिनिकल रिकॉर्ड तथा उपलब्धता रिपोर्ट बनाए रखेंगे। दोनों पदों के लिए आवेदन जमा करने की अंतिम तिथि 16 नवंबर को शाम 5 बजे है।