374 पदों पर सीधी भर्ती का मौका! जिला रोजगार कार्यालय की पहल से बेरोजगार युवाओं को बड़ी राहत

छत्तीसगढ़ December 20, 2025 • रिपोर्टर: raigarh top news
374 पदों पर सीधी भर्ती का मौका! जिला रोजगार कार्यालय की पहल से बेरोजगार युवाओं को बड़ी राहत

374 पदों पर सीधी भर्ती का मौका! जिला रोजगार कार्यालय की पहल से बेरोजगार युवाओं को बड़ी राहत

भरतपुर।
जिला रोजगार कार्यालय मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर ने जिले के बेरोजगार युवाओं के लिए रोजगार का बड़ा अवसर उपलब्ध कराया है। निजी क्षेत्र में नौकरी दिलाने के उद्देश्य से रोजगार मेला/प्लेसमेंट कैम्प का आयोजन किया जा रहा है, जिसके तहत कुल 374 रिक्त पदों पर योग्य अभ्यर्थियों की भर्ती की जाएगी।

यह रोजगार मेला तीन चरणों में आयोजित होगा। पहले चरण में 22 दिसंबर 2025 (सोमवार) को जिला रोजगार कार्यालय मनेन्द्रगढ़ में, दूसरे चरण में 23 दिसंबर 2025 (मंगलवार) को जनपद पंचायत खड़गवां में और तीसरे चरण में 24 दिसंबर 2025 (बुधवार) को जनपद पंचायत भरतपुर, जिला मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर (छत्तीसगढ़) में आयोजन किया जाएगा।

रोजगार मेले के माध्यम से सिक्योरिटी गार्ड, सिक्योरिटी सुपरवाइजर, वेल्डर, फिटर, ग्राइंडर मैन, पेंटर/पावर कोटिंग और स्मॉल होइस्ट ऑपरेटर जैसे विभिन्न पदों पर चयन किया जाएगा। नियोजक संस्था मेसर्स सेल्फ इंटेलिजेंस सिक्योरिटी सर्विसेस लिमिटेड, भिलाई द्वारा पदों के अनुसार योग्यता और वेतनमान निर्धारित किया गया है।

सिक्योरिटी गार्ड पद के लिए 5वीं से 8वीं पास अभ्यर्थियों को 10,000 से 13,000 रुपये प्रतिमाह, जबकि 10वीं से 12वीं पास उम्मीदवारों को 11,000 से 15,000 रुपये प्रतिमाह वेतन मिलेगा। वहीं सिक्योरिटी सुपरवाइजर पद के लिए स्नातक पास अभ्यर्थियों की आवश्यकता है, जिनके लिए 12,000 से 17,000 रुपये प्रतिमाह वेतन निर्धारित किया गया है। इसके अलावा आईटीआई पास अभ्यर्थियों के लिए वेल्डर, फिटर, ग्राइंडर मैन, पेंटर/पावर कोटिंग और स्मॉल होइस्ट ऑपरेटर पदों पर 15,000 से 20,000 रुपये प्रतिमाह वेतन दिया जाएगा।

इस रोजगार मेले में 5वीं पास से लेकर स्नातक तक की योग्यता रखने वाले युवा भाग ले सकते हैं। इच्छुक अभ्यर्थियों को निर्धारित तिथि और स्थान पर अपने सभी आवश्यक दस्तावेजों के साथ उपस्थित होना अनिवार्य है। इनमें शैक्षणिक प्रमाण पत्र, बायोडाटा, पहचान पत्र, जाति एवं निवास प्रमाण पत्र, रोजगार कार्यालय पंजीयन प्रमाण पत्र, आधार कार्ड और पासपोर्ट साइज फोटो शामिल हैं।

जिला रोजगार कार्यालय ने जिले के बेरोजगार युवाओं से इस सुनहरे अवसर का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील की है।

खबर शेयर करें: