मंदिर चौक में मां दुर्गा के भव्य आगमन पर उमड़ा श्रद्धा का सैलाब, आतिशबाजी और लेजर शो ने मोहा मन

रायगढ़ October 16, 2026 • रिपोर्टर: raigarh top news
मंदिर चौक में मां दुर्गा के भव्य आगमन पर उमड़ा श्रद्धा का सैलाब, आतिशबाजी और लेजर शो ने मोहा मन

मंदिर चौक में मां दुर्गा के भव्य आगमन पर उमड़ा श्रद्धा का सैलाब, आतिशबाजी और लेजर शो ने मोहा मन

श्री गौरी कला समिति की भव्य आयोजन में लेजर शो, आतिशबाजी, लाइटिंग और धमाल बाजा ने बांधा समां
इंदिरा नगर से गौरी शंकर मंदिर चौक तक निकली भव्य आगमन यात्रा
सप्तमी से तीन दिनों तक पंडाल में विराजेंगी मां दुर्गा

रायगढ़ टॉप न्यूज 16 अक्टूबर। मां दुर्गा के आगमन को लेकर गुरुवार शाम शहर में भक्ति और उत्साह का अद्भुत संगम देखने को मिला। श्री गौरी कला समिति की ओर से मंदिर चौक की दुर्गा भवानी की भव्य आगमन यात्रा निकाली गई, जिसमें श्रद्धालुओं का उत्साह देखते ही बन रहा था। मां के स्वागत के लिए बड़ी संख्या में लोग उमड़े और पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया। आकर्षक साज-सज्जा, भव्य प्रस्तुतियों और श्रद्धालुओं की सहभागिता ने आयोजन को यादगार बना दिया।

भव्य यात्रा में गूंजा मां का जयकारा, मार्गभर हुआ स्वागत
आगमन यात्रा की शुरुआत शाम 5 बजे इंदिरा नगर से हुई। यात्रा जोहेल पैलेस, गोशाला रोड, घड़ी चौक, कोतवाली थाना रोड और सुभाष चौक होते हुए गौरी शंकर मंदिर चौक पहुंची। शाम 7 बजे यात्रा का समापन हुआ। पूरे मार्ग में मां के आगमन को लेकर लोगों में खासा उत्साह देखने को मिला। श्रद्धालुओं की मौजूदगी और भक्तिमय माहौल ने यात्रा की भव्यता को और बढ़ा दिया।


लेजर शो, आतिशबाजी और धमाल बाजा ने मोहा मन
मंदिर चौक में आयोजित आकर्षक कार्यक्रमों ने लोगों का मन मोह लिया। शानदार लेजर शो, रंग-बिरंगी लाइटिंग, आतिशबाजी, पाइरो शो और धमाल बाजा की प्रस्तुतियों ने आयोजन में चार चांद लगा दिए। रोशनी और आतिशबाजी के बीच श्रद्धालु उत्साह से सराबोर नजर आए। कार्यक्रमों ने उपस्थित लोगों को मंत्रमुग्ध कर दिया और आयोजन स्थल देर शाम तक आकर्षण का केंद्र बना रहा।

समिति के सदस्यों के योगदान से भव्य बना आयोजन
श्री गौरी कला समिति के सभी सदस्यों ने आयोजन को सफल बनाने में सराहनीय योगदान दिया। सदस्यों की सक्रियता, समर्पण और सामूहिक प्रयासों से आगमन यात्रा भव्य एवं व्यवस्थित रूप से संपन्न हुई। मां के स्वागत को लेकर समिति की तैयारियों और आकर्षक कार्यक्रमों की लोगों ने सराहना की।

आज पंडाल में विराजेंगी मां दुर्गा, तीन दिन होगी पूजा-अर्चना
नवरात्रि की सप्तमी तिथि से मां दुर्गा पंडाल में विराजमान होंगी। इसके बाद तीन दिनों तक विधि-विधान के साथ मां की पूजा-अर्चना की जाएगी। श्रद्धालु मां के दर्शन और पूजा-अर्चना के लिए उत्साहित हैं। भव्य आगमन यात्रा के सफल आयोजन के बाद अब समिति की तैयारियां आगामी धार्मिक कार्यक्रमों पर केंद्रित हैं।

श्री गौरी कला समिति का 31वां सार्वजनिक दुर्गा पूजन महोत्सव आज से
शहर के गौरी शंकर मंदिर चौक स्थित श्री गौरी कला समिति द्वारा 31वां सार्वजनिक दुर्गा पूजन महोत्सव भव्यता के साथ मनाया जाएगा। समिति ने महोत्सव के अवसर पर आयोजित होने वाले विभिन्न धार्मिक कार्यक्रमों में शामिल होने के लिए श्रद्धालुओं को सादर आमंत्रित किया है।

महोत्सव की शुरुआत 15 अक्टूबर, गुरुवार को शाम 6 बजे मां दुर्गा के भव्य आगमन के साथ हुई। 17 अक्टूबर, शनिवार को सुबह 10 बजे स्थापना कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इसके बाद 20 अक्टूबर, मंगलवार को सुबह 10 बजे हवन संपन्न होगा।

महोत्सव के दौरान प्रतिदिन सुबह 9:30 बजे आरती तथा संध्या आरती शाम 7:15 बजे होगी। वहीं, श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद वितरण शाम 7:30 बजे से किया जाएगा। श्री गौरी कला समिति ने सभी श्रद्धालुओं से मां दुर्गा के पावन उत्सव में शामिल होने की अपील की है।

खबर शेयर करें: