सांसद खेल महोत्सव का उद्देश्य खेल प्रतिभाओं को आगे लाना है: नवीन जिन्दल
सांसद खेल महोत्सव का उद्देश्य खेल प्रतिभाओं को आगे लाना है: नवीन जिन्दल
खिलाड़ियों का संघर्ष और समर्पण युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत: नवीन जिन्दल
नवीन जिन्दल और सावित्री जिन्दल ने एशियाई खेलों के पदक विजेता खिलाड़ियों का किया सम्मान, दी शुभकामनाए
1 नवंबर से होने वाले सांसद खेल महोत्सव में बढ़-चढ़कर भाग लेने और खेलों से जुड़कर नशामुक्त समाज बनाने की अपील की
कुरुक्षेत्र, 17 अक्टूबर। सांसद नवीन जिन्दल और पूर्व मंत्री व हिसार की वर्तमान विधायक सावित्री जिन्दल ने एशियाई खेलों में देश का नाम रोशन करने वाले हरियाणा के प्रतिभाशाली खिलाड़ियों से मुलाकात कर उन्हें शानदार उपलब्धियों के लिए बधाई व और उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी। इन सभी खिलाड़ियों ने एशियाई खेलों में 14 स्वर्ण पदकों सहित कुल 32 पदक जीतकर देश और हरियाणा का गौरव बढ़ाया है।
सभी विजेता खिलाड़ियों से मुलाकात के दौरान सांसद नवीन जिन्दल ने उनके प्रशिक्षण, संघर्ष, खेल के प्रति समर्पण और भविष्य के लक्ष्यों के बारे में बातचीत की। उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों की उपलब्धियां यह साबित करती हैं कि दृढ़ इच्छाशक्ति, अनुशासन और निरंतर मेहनत के बल पर किसी भी लक्ष्य को हासिल किया जा सकता है।
खेलों के प्रति अपने अनुभव साझा करते हुए सांसद नवीन जिन्दल ने कहा कि वर्ष 2002 के एशियाई खेलों में निशानेबाजी में भारत का प्रतिनिधित्व करने के कारण, वह खिलाड़ियों के संघर्ष और उनकी चुनौतियों को अच्छी तरह समझते हैं। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सफलता हासिल करने के लिए शारीरिक क्षमता के साथ मानसिक मजबूती, अनुशासन और निरंतर अभ्यास भी जरूरी है।
सांसद नवीन जिन्दल ने कुरुक्षेत्र संसदीय क्षेत्र के युवाओं से 1 नवंबर से आयोजित होने वाले सांसद खेल महोत्सव में अधिक से अधिक संख्या में भाग लेने की अपील की। उन्होंने कहा कि इस महोत्सव का उद्देश्य क्षेत्र की खेल प्रतिभाओं को सामने लाना, युवाओं को खेलों के प्रति प्रोत्साहित करना और उन्हें अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर प्रदान करना है।
उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे खेलों को अपने जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाएं और सांसद खेल महोत्सव में उत्साह के साथ भाग लेकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करें। यह आयोजन युवाओं को अपनी क्षमता पहचानने, खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने और भविष्य में बड़ी उपलब्धियां हासिल करने के लिए प्रेरित करेगा।
सांसद नवीन जिन्दल ने कहा कि उनका प्रयास है कि कुरुक्षेत्र संसदीय क्षेत्र के युवाओं को आगे बढ़ने के लिए बेहतर अवसर मिलें। खेलों के माध्यम से एक स्वस्थ, अनुशासित और नशामुक्त समाज का निर्माण किया जा सकता है। उन्होंने विश्वास जताया कि क्षेत्र के युवा अपनी प्रतिभा और मेहनत से नई ऊंचाइयां हासिल करेंगे तथा अपने परिवार, क्षेत्र और देश का नाम रोशन करेंगे।