रायगढ़ के विद्यार्थियों ने हिदायतुल्ला राष्ट्रीय विधि विश्वविद्यालय में जाना उच्च शिक्षा एवं विधि अध्ययन का महत्व
रायगढ़ के विद्यार्थियों ने हिदायतुल्ला राष्ट्रीय विधि विश्वविद्यालय में जाना उच्च शिक्षा एवं विधि अध्ययन का महत्व
शैक्षणिक भ्रमण से विद्यार्थियों को विश्वविद्यालय के शैक्षणिक वातावरण को करीब से जानने और भविष्य के नए अवसरों को समझने का मिला अवसर
रायगढ़, 17 अक्टूबर 2026/ विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ व्यावहारिक अनुभव प्रदान करने तथा उच्च शिक्षा के विभिन्न अवसरों से परिचित कराने के उद्देश्य से जिला शिक्षा विभाग एवं समग्र शिक्षा रायगढ़ द्वारा शैक्षणिक भ्रमण का आयोजन किया गया। इसके अंतर्गत शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय पुसौर एवं पीएम सेजेस कोड़ातराई के लगभग 200 विद्यार्थियों ने नवा रायपुर स्थित हिदायतुल्ला राष्ट्रीय विधि विश्वविद्यालय का शैक्षणिक भ्रमण किया।
यह शैक्षणिक भ्रमण मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय की मंशानुरूप तथा वित्त मंत्री श्री ओ.पी. चौधरी की पहल पर, कलेक्टर एवं जिला मिशन संचालक श्री मयंक चतुर्वेदी के निर्देशानुसार तथा जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री अभिजीत बबन पठारे के मार्गदर्शन में आयोजित किया गया।
उच्च शिक्षा की संभावनाओं से रूबरू हुए विद्यार्थी
जिला शिक्षा अधिकारी श्यामानंद साहू ने बताया कि विश्वविद्यालय भ्रमण का प्रमुख उद्देश्य विद्यार्थियों को स्कूली शिक्षा के बाद उच्च शिक्षा के विविध विकल्पों, विधि अध्ययन की संभावनाओं तथा विश्वविद्यालय के शैक्षणिक वातावरण से परिचित कराना था। इस पहल से विद्यार्थियों को भविष्य के प्रति सकारात्मक दृष्टिकोण विकसित करने, नए करियर विकल्पों को समझने तथा उच्च शिक्षा के लिए प्रेरित होने का अवसर मिला। उन्होंने कहा कि प्रतिष्ठित उच्च शिक्षण संस्थान का प्रत्यक्ष अनुभव विद्यार्थियों के लिए विशेष महत्व रखता है। इससे वे पुस्तकीय ज्ञान से आगे बढ़कर विश्वविद्यालय की शैक्षणिक व्यवस्था, उच्च शिक्षा के अवसरों और भविष्य में उपलब्ध करियर विकल्पों को बेहतर ढंग से समझ सकते हैं। साथ ही, विद्यार्थियों को अपनी रुचि के क्षेत्रों की पहचान करने तथा भविष्य के लक्ष्यों के प्रति जागरूक होने की प्रेरणा मिलती है।
विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास की दिशा में सार्थक पहल
एपीसी अभय कुमार पांडेय ने बताया कि जिला शिक्षा विभाग एवं समग्र शिक्षा रायगढ़ द्वारा विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और करियर मार्गदर्शन को प्रोत्साहित करने के लिए शैक्षणिक भ्रमण जैसे कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इन कार्यक्रमों का उद्देश्य विद्यार्थियों को कक्षा-कक्ष की पढ़ाई के साथ वास्तविक शैक्षणिक परिवेश का अनुभव प्रदान करना तथा उनके ज्ञान और दृष्टिकोण का विस्तार करना है। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा के अवसरों से परिचित कराना, उनमें करियर के प्रति जागरूकता विकसित करना तथा भविष्य के लिए सही दिशा चुनने हेतु प्रेरित करना विभाग की प्राथमिकताओं में शामिल है। प्रतिष्ठित विश्वविद्यालयों का भ्रमण विद्यार्थियों के ज्ञानवर्धन और आत्मविश्वास बढ़ाने में सहायक होता है। इस प्रकार के कार्यक्रम विद्यार्थियों को अपनी क्षमताओं को पहचानने, बेहतर लक्ष्य निर्धारित करने और उन्हें प्राप्त करने के लिए प्रेरित करते हैं। जिला प्रशासन के मार्गदर्शन में आयोजित इस शैक्षणिक भ्रमण से विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा के महत्व को समझने, विधि अध्ययन की संभावनाओं से परिचित होने तथा भविष्य निर्माण की दिशा में नई प्रेरणा प्राप्त करने का अवसर मिला।