सक्ती में मौत की लिफ्ट: 4 मजदूरों की दर्दनाक मौत, प्लांट मालिक समेत 8 अफसरों पर आपराधिक मामला दर्ज
ऊंचाई से टूटी लिफ्ट... और पलभर में चार ज़िंदगियां खत्म

सक्ती।
छत्तीसगढ़ के सक्ती ज़िले में मंगलवार शाम आरकेएम पावर प्लांट में हुआ हादसा दिल दहला देने वाला था। मरम्मत कार्य के दौरान मजदूरों से भरी लिफ्ट अचानक गिर पड़ी, जिससे चार मजदूरों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि छह मजदूर गंभीर रूप से घायल हैं और अस्पताल में जिंदगी की जंग लड़ रहे हैं।
इस लापरवाही पर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए प्लांट के मालिक और प्रबंधन के 8 अधिकारियों के खिलाफ बीएनएस की धारा 106(1), 289 और 3(5) के तहत आपराधिक मामला दर्ज किया है।
हादसे के समय मजदूर बॉयलर की मरम्मत का काम कर रहे थे। तभी अचानक लिफ्ट की केबल टूट गई और वह कई मंज़िल नीचे आ गिरी। आसपास के मजदूरों में अफरा-तफरी मच गई — कुछ ने चीखते हुए साथियों को बाहर निकालने की कोशिश की, लेकिन तब तक चार मजदूरों ने दम तोड़ दिया था।
कलेक्टर अमृत विकास तोपनो ने घटना को गंभीर लापरवाही मानते हुए मजिस्ट्रियल जांच के आदेश दिए हैं। इसके लिए डभरा एसडीएम की अगुवाई में एक टीम गठित की गई है, जो 30 दिनों के भीतर पूरी जांच रिपोर्ट पेश करेगी और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की अनुशंसा करेगी।
पुलिस ने जिन 8 लोगों पर मामला दर्ज किया है, उनमें शामिल हैं —
प्लांट के मालिक/डायरेक्टर डॉ. अंडल अरमुगम, डायरेक्टर टी.एम. सिंगरवेल, प्लांट हेड एवं एडिशनल डायरेक्टर, फैक्ट्री मैनेजर सम्मुख राव, मेंटेनेंस हेड कमलेश कुमार अग्रवाल, सेफ्टी ऑफिसर मनोज राउत, पी एंड एम अधिकारी वेसलीमणि, और लिफ्ट इंजीनियर कृष्णा गौरव।
यह हादसा न सिर्फ एक औद्योगिक दुर्घटना है, बल्कि सिस्टम की ढिलाई और सुरक्षा नियमों की अनदेखी का भयानक सबूत भी बन गया है। जिन हाथों से बिजली बनती है, वहीं मजदूरों की ज़िंदगी अंधेरे में डूब गई…
|
|
|
|
![]() |
![]() |
| ||






