रायगढ़

Raigarh News: स्टेशन पर रेलकर्मी पर चाकू से हमला, जीआरपी रायगढ़ ने 6 घंटे में दबोचा आरोपी

 





रायगढ़। पुलिस अधीक्षक, रेल रायपुर दिव्यांग पटेल एवं उप पुलिस अधीक्षक, रेल एम. टोबियस खाखा के कुशल मार्गदर्शन एवं नेतृत्व में जीआरपी थाना रायगढ़ द्वारा त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई करते हुए ऑन ड्यूटी रेलकर्मी पर जानलेवा हमला करने वाले आरोपी को अपराध दर्ज होने के मात्र 06 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया गया।

दिनांक 15.07.2026 को स्टेशन प्रबंधक, दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे, रायगढ़ से सूचना प्राप्त हुई कि किरोड़ीमलनगर रेलवे स्टेशन में ड्यूटी पर तैनात रेल कर्मचारी विजय पाठक पर एक व्यक्ति द्वारा चाकू से जानलेवा हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया गया है। सूचना मिलते ही जीआरपी थाना रायगढ़ की पुलिस टीम तत्काल घटनास्थल पर पहुंची, घायल रेलकर्मी को तत्काल उपचार हेतु अस्पताल भिजवाया तथा घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य संकलित किए।

घटना की गंभीरता को दृष्टिगत रखते हुए वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में जीआरपी थाना रायगढ़ द्वारा तत्काल अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना प्रारंभ की गई। पुलिस टीम ने बिना समय गंवाए पीड़ित एवं प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ कर तकनीकी एवं भौतिक साक्ष्यों के आधार पर आरोपी पंकज सिंह की पहचान सुनिश्चित की। इसके पश्चात संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश एवं पतासाजी की गई, जिसके परिणामस्वरूप अपराध दर्ज होने के मात्र 06 घंटे के भीतर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया।

पूछताछ के दौरान आरोपी ने घटना करना स्वीकार किया। उसकी निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त चाकू भी बरामद कर लिया गया है। आरोपी के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 109(1), 121(2), 3(5) तथा आर्म्स एक्ट की धारा 25 एवं 27 के अंतर्गत वैधानिक कार्रवाई की गई है।

यह कार्रवाई वरिष्ठ अधिकारियों के कुशल निर्देशन में जीआरपी रायगढ़ की तत्परता, पेशेवर कार्यशैली एवं अपराध नियंत्रण के प्रति प्रतिबद्धता का उत्कृष्ट उदाहरण है। विशेष रूप से ऑन ड्यूटी रेल कर्मचारी पर हुए गंभीर हमले के मामले में इतने कम समय में आरोपी की गिरफ्तारी पुलिस की सक्रियता एवं दक्षता को दर्शाती है।
इस महत्वपूर्ण कार्रवाई में निरीक्षक आर.के. बोरझा, प्रधान आरक्षक सितेंद्र सिंह, अरविंल तिर्की, इंद्रजीत सिंह आरक्षक अवधेश मिश्रा, सरोज साहू एवं रोहित साहू का विशेष एवं सराहनीय योगदान रहा।







raigarh top news

www.raigarhtopnews.com दैनिक हिन्दी न्यूज वेबसाईट है और रायगढ़ जिले का सर्वाधिक लोकप्रिय व सबसे ज्यादा पढ़ा जाने वाला न्यूज वेबसाईट है। www.raigarhtopnews.com पूरे छत्तीसगढ़ प्रदेश व रायगढ़ जिले की शासकीय व अर्द्धशासकीय योजनाओं के साथ सभी खबरों को प्राथमिकता के साथ प्रसारित करने में अपना महत्वपूर्ण योगदान देता है।
Back to top button