Raigarh: लायन्स क्लब रायगढ़ दिव्य ऊर्जा का शपथ ग्रहण समारोह, सेवा, संस्कार और सम्मान का बना प्रेरक संगम

रायगढ़। लायन्स क्लब रायगढ़ दिव्य ऊर्जा का शपथ ग्रहण समारोह अत्यंत व्यवस्थित, अनुशासित एवं गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में नवनिर्वाचित अध्यक्ष लायन अनीता कपूर के नेतृत्व में सेवा, संस्कार, पर्यावरण संरक्षण, शिक्षा एवं युवा नेतृत्व को समर्पित अनेक गतिविधियों का शुभारंभ किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों के भव्य स्वागत से हुआ। भांगड़ा नृत्य की जोशीली प्रस्तुति के साथ मुख्य अतिथियों का स्वागत करते हुए उन्हें मंच तक लाया गया। इसके पश्चात दीप प्रज्ज्वलन किया गया। लायन बसंती सरकार द्वारा ध्वज वंदना प्रस्तुत की गई। विश्व शांति के लिए दो मिनट का मौन रखकर राष्ट्रगान के साथ सभा का विधिवत शुभारंभ हुआ।
निवर्तमान अध्यक्ष लायन विनिया करमोरे ने अध्यक्षीय उद्बोधन दिया तथा क्लब सचिव अनीता कपूर द्वारा गत कार्यकाल की उल्लेखनीय सेवा गतिविधियों का प्रतिवेदन प्रस्तुत किया, जिसकी मुख्य अतिथि डिस्ट्रिक्ट गवर्नर लायन रिपुदमन पूसरी ने सराहना की।
तत्पश्चात प्रथम उप जिला गवर्नर एवं शपथ अधिकारी वीडीजी-1 लायन पवन मलिक ने नवीन पदाधिकारियों को शपथ दिलाई।
अध्यक्ष लायन अनीता कपूर ने अपने उद्बोधन में सेवा, अनुशासन, महिला सशक्तिकरण, पर्यावरण संरक्षण एवं नई पीढ़ी में नेतृत्व विकास को अपने कार्यकाल की प्रमुख प्राथमिकताएँ बताया।
इसी अवसर पर अनीता कपूर की पहल पर जूनियर लियो क्लब का गठन किया गया तथा लियो अध्यक्ष एवं पदाधिकारियों ने भी शपथ ग्रहण की।
यह पहल बच्चों में नेतृत्व क्षमता, संस्कार, स्किल डेवलपमेंट एवं सामाजिक उत्तरदायित्व विकसित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
शपथ ग्रहण के साथ ही सेवा गतिविधियों की श्रृंखला प्रारंभ हुई। पर्यावरण संरक्षण के अंतर्गत “पॉलीथिन हटाओ–देश बचाओ” अभियान में कपड़े के थैलों का वितरण किया गया। “वृक्ष लगाओ–देश बचाओ” अभियान के तहत पौधों का वितरण एवं पर्यावरण जागरूकता का संदेश दिया गया।
स्किल डेवलपमेंट के अंतर्गत लायन करुणा अग्रवाल द्वारा तैयार किए गए आकर्षक करेंसी बुके अतिथियों को भेंट किए गए। ललित पाठशाला के विद्यार्थियों के लिए शैक्षणिक सामग्री वितरण की घोषणा की गई तथा क्लब के पूर्व अध्यक्षों का सम्मान भी किया गया।
कार्यक्रम में प्रस्तुत भांगड़ा नृत्य ने सभी का मन मोह लिया। इसकी शानदार प्रस्तुति से प्रभावित होकर डिस्ट्रिक्ट गवर्नर ने भांगड़ा टीम को ₹2100 की पुरस्कार राशि प्रदान की।
अध्यक्ष लायन अनीता कपूर द्वारा भी सभी प्रतिभागी बच्चों को उपहार देकर सम्मानित किया गया।
मुख्य वक्ता श्री सुनील रामदास अग्रवाल ने सेवा को जीवन का सर्वोच्च धर्म बताते हुए समाजहित में निरंतर कार्य करने का संदेश दिया। पीएमजेएफ पीडीजी लायन शैलेश अग्रवाल ने क्लब की अनुशासित कार्यशैली एवं सेवा गतिविधियों की सराहना की। पूर्व डिस्ट्रिक्ट गवर्नर लायन पुरंजन पटेल ने दिव्य ऊर्जा क्लब को सेवा, संस्कार और नेतृत्व का उत्कृष्ट उदाहरण बताया।अंजू बंसल जोन चेयरपर्सन अपने दायित्व को पूरी जिम्मेदारी के साथ निभायेंगी
मुख्य अतिथि डिस्ट्रिक्ट गवर्नर लायन रिपुदमन पूसरी ने कहा कि सेवा तभी सार्थक होती है, जब उसमें अनुशासन, समर्पण और टीम भावना का समावेश हो। उन्होंने क्लब की कार्यशैली की प्रशंसा करते हुए नवनिर्वाचित अध्यक्ष लायन अनीता कपूर एवं उनकी पूरी टीम को सफल कार्यकाल के लिए शुभकामनाएँ दीं।विनिया कारमोरे तथा नवगठित टीम अनीता कपूर , मीरा पासवान सचिव और कोषाध्यक्ष रश्मि यादव का रीता श्रीवास्तव का पिन से सम्मान किए.
कार्यक्रम में उपस्थित सभी अतिथियों एवं सदस्यों ने दिव्य ऊर्जा क्लब के उत्कृष्ट आयोजन, अनुशासित कार्यशैली एवं सेवा गतिविधियों की मुक्त कंठ से सराहना की।