Raigarh : चलती ट्रेन में महिला यात्री के पर्स से चोरी का खुलासा, 2 महिला आरोपी गिरफ्तार

रायगढ़ September 27, 2026 • रिपोर्टर: raigarh top news
Raigarh : चलती ट्रेन में महिला यात्री के पर्स से चोरी का खुलासा, 2 महिला आरोपी गिरफ्तार

Raigarh : चलती ट्रेन में महिला यात्री के पर्स से चोरी का खुलासा, 2 महिला आरोपी गिरफ्तार

रायगढ़। चलती ट्रेन में महिला यात्री के पर्स से चोरी की वारदात का जीआरपी रायगढ़ ने खुलासा करते हुए दो महिला आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से चांदी के आभूषण, नकदी, पर्स और दस्तावेज समेत करीब 27,450 रुपये का मशरूका बरामद किया गया है। महिला यात्री से ट्रेन में चोरी की घटना 26 सितंबर को टिटलागढ़ पैसेंजर ट्रेन में हुई थी।

 

 

भीड़ का फायदा उठाकर पर्स किया पार

पुलिस के अनुसार प्रार्थिया नीलम कंवर, निवासी ग्राम कलमी, थाना कोतरारोड, जिला रायगढ़, टिटलागढ़ पैसेंजर ट्रेन से जांजगीर से रायगढ़ आ रही थीं। किरोड़ीमलनगर रेलवे स्टेशन के बाद एक महिला उनके पास खड़ी हो गई और भीड़ का फायदा उठाकर पिट्टू बैग से पर्स निकाल लिया। रायगढ़ रेलवे स्टेशन पहुंचने के बाद महिला यात्री को पर्स चोरी होने की जानकारी हुई। चलती ट्रेन में पर्स चोरी  के मामले में जीआरपी थाना रायगढ़ में रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू की गई।

 

संदेही महिलाओं को यार्ड से पकड़ा
घटना के बाद अज्ञात आरोपियों की तलाश के लिए जीआरपी की टीम को रेलवे क्षेत्र और सिटी रायगढ़ में लगाया गया। 27 सितंबर को रेलवे स्टेशन यार्ड रायगढ़ में दो संदेही महिलाएं दिखाई दीं। पुलिस टीम ने घेराबंदी कर दोनों को पकड़ लिया और पूछताछ के लिए थाने लेकर आई। पूछताछ में दोनों ने 26 सितंबर को टिटलागढ़ पैसेंजर ट्रेन में महिला यात्री का पर्स चोरी करना स्वीकार किया। ट्रेन में महिला यात्री से चोरी  के मामले में गिरफ्तार आरोपियों की पहचान पिंकी देवी और रागनी कुमार के रूप में हुई है।

 

बिहार की रहने वाली हैं दोनों आरोपी
पुलिस के अनुसार आरोपियों ने अपना नाम पिंकी देवी पति मिथुन खड़वार उर्फ अनुज कुमार, उम्र 31 वर्ष और रागनी कुमार पति मिथुन खड़वार उर्फ अनुज कुमार, उम्र 19 वर्ष बताया। दोनों डालमियानगर, थाना डालमियानगर, जिला रोहतास, बिहार की रहने वाली हैं। आरोपियों की निशानदेही पर चोरी किया गया पर्स और उसमें रखे चांदी के आभूषण व नकदी बरामद किए गए। मामले में पुलिस ने बरामद सामान जब्त कर लिया है।

 

चांदी के आभूषण और नकदी बरामद
जीआरपी ने एक नीले रंग का पर्स बरामद किया। इसमें दो जोड़ी चांदी की पायल, दो जोड़ी चांदी के चूड़े, 550 रुपये नकद, आधार कार्ड सहित अन्य दस्तावेज मिले। पुलिस के अनुसार बरामद मशरूका की कुल कीमत करीब 27,450 रुपये है। चोरी का सामान बरामद होने के बाद मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

 

जीआरपी के अभियान के तहत कार्रवाई
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक रेल रायपुर दिव्यांग पटेल के निर्देशन और उप पुलिस अधीक्षक रेल बिलासपुर तोबियस खाखा के मार्गदर्शन में रेलवे यात्रियों की सुरक्षा एवं अपराधों की रोकथाम के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत की गई। जीआरपी थाना रायगढ़ की टीम ने वारदात के अगले दिन दोनों संदिग्ध महिलाओं को पकड़कर चोरी का सामान बरामद किया।

 

खबर शेयर करें: