राजनांदगांव रेलवे स्टेशन पर बम की सूचना से हड़कंप, यशवंतपुर-कोरबा एक्सप्रेस को रोका
राजनांदगांव रेलवे स्टेशन पर बम की सूचना से हड़कंप, यशवंतपुर-कोरबा एक्सप्रेस को रोका
राजनंदगांव. छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव रेलवे स्टेशन पर बम की सूचना मिलने से हड़कंप मच गया। स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर-2 पर खड़ी यशवंतपुर-कोरबा एक्सप्रेस में बम होने की अफवाह फैलने के बाद रेलवे स्टेशन परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सूचना मिलते ही पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट हो गईं। एहतियात के तौर पर ट्रेन को रोककर जांच शुरू की गई।
प्लेटफॉर्म नंबर-2 पर मची अफरा-तफरी
बम की सूचना के बाद प्लेटफॉर्म नंबर-2 पर यात्रियों और रेलवे कर्मचारियों के बीच हलचल बढ़ गई। स्टेशन परिसर में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को संभाला और जांच के लिए आवश्यक कदम उठाए। बड़े पैमाने पर पुलिस बल की तैनाती की गई है, ताकि किसी भी संभावित खतरे से निपटा जा सके।
एक व्यक्ति को पुलिस ने लिया हिरासत में
इस पूरे घटनाक्रम के बीच पुलिस ने एक व्यक्ति को अपने कब्जे में लिया है। हालांकि, फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हुआ है कि उस व्यक्ति का बम की सूचना से क्या संबंध है। पुलिस उससे पूछताछ कर रही है। मामले की गंभीरता को देखते हुए सुरक्षा एजेंसियां हर पहलू से जांच कर रही हैं।
डॉग स्क्वॉड की मदद से जांच
मौके पर डॉग स्क्वॉड को भी लगाया गया है। सुरक्षा टीम ट्रेन के कोच और स्टेशन परिसर में संदिग्ध वस्तुओं की तलाश कर रही है। फिलहाल यात्रियों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए जांच की जा रही है।रेलवे स्टेशन पर अचानक बने इस हालात के कारण यात्रियों में चिंता का माहौल है। पुलिस और रेलवे प्रशासन की ओर से जांच पूरी होने के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
