यूथ ओलंपिक में अंबेकर मीतई ने रचा इतिहास, बॉक्सिंग में जीता गोल्ड मेडल
यूथ ओलंपिक में अंबेकर मीतई ने रचा इतिहास, बॉक्सिंग में जीता गोल्ड मेडल
भारतीय बॉक्सिंग के लिए यूथ ओलंपिक 2026 से एक ऐसी खुशखबरी आई है, जिसका इंतजार लंबे समय से था। मणिपुर के युवा मुक्केबाज लैरेनलाकपाम अंबेकर मीतई ने सेनेगल की राजधानी डकार में इतिहास रचते हुए भारत को यूथ ओलंपिक में बॉक्सिंग का पहला गोल्ड मेडल दिला दिया है। 50 किग्रा भारवर्ग के फाइनल में उन्होंने आयरलैंड के क्रिस्टियन जुबानी को करीबी मुकाबले में 3-2 से हराकर गोल्ड मेडल अपने नाम किया।
अंबेकर मीतई और जुबानी के बीच खिताबी मुकाबला काफी रोमांचक रहा। भारतीय मुक्केबाज को शुरुआती राउंड में पांचों जजों से कम पॉइंट मिले और वह पिछड़ गए। हालांकि, इसके बाद उन्होंने शानदार वापसी की। दूसरे राउंड में तीन जजों ने मीतई के पक्ष में फैसला दिया, जबकि तीसरे और निर्णायक राउंड में चार जजों ने उन्हें बेहतर मुक्केबाज माना। इस तरह मीतई ने 3-2 के अंतर से मुकाबला जीतकर भारत की झोली में ऐतिहासिक गोल्ड डाल दिया। यूथ ओलंपिक में किसी भारतीय बॉक्सर का ये सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन है।
यूथ ओलंपिक में बॉक्सिंग का पहला भारतीय गोल्ड
अंबेकर मीतई की इस जीत ने भारतीय बॉक्सिंग के इतिहास में नया अध्याय जोड़ दिया है। उनसे पहले भारत को यूथ ओलंपिक में इस खेल में गोल्ड मेडल नहीं मिला था। बता दें, यूथ ओलंपिक में बॉक्सिंग में भारत का यह कुल तीसरा मेडल है। इससे पहले सिंगापुर में 2010 में आयोजित यूथ ओलंपिक में शिव थापा ने पुरुषों के 54 किग्रा भारवर्ग में सिल्वर मेडल जीता था, जबकि विकास कृष्ण ने 60 किग्रा भारवर्ग में ब्रॉन्ज अपने नाम किया था। अब मीतई ने गोल्ड मेडल जीतकर इस सूची में सबसे बड़ी उपलब्धि जोड़ दी है।
भारत की मेडल टैली में जुड़ा पहला गोल्ड
गौरतलब है कि यूथ ओलंपिक 2026 में भारतीय दल का प्रदर्शन अब तक बेहतरीन रहा है। अंबेकर मीतई की ऐतिहासिक जीत से पहले भारत अलग-अलग खेलों में तीन सिल्वर और पांच ब्रॉन्ज मेडल जीत चुका था। बैडमिंटन, जूडो और बीच रेसलिंग में भारतीय खिलाड़ियों ने सिल्वर मेडल हासिल किए, जबकि स्विमिंग, महिला 100 मीटर बाधा दौड़ और वुशु में देश को ब्रॉन्ज मेडल मिले। अब मीतई के गोल्ड जीतने से भारत के मेडल की संख्या में बड़ा इजाफा हुआ है।
