गुरु घासीदास टाइगर रिजर्व में मिला बेबी एलीफैंट का शव, जंगल के पास मिला दो-तीन दिन पुराना शव, मौत की वजह अज्ञात
गुरु घासीदास टाइगर रिजर्व में मिला बेबी एलीफैंट का शव, जंगल के पास मिला दो-तीन दिन पुराना शव, मौत की वजह अज्ञात
अंबिकापुर। सरगुजा संभाग में हाथियों की मौत का सिलसिला जारी है। 2 दिन पूर्व ही सरगुजा जिले के उदयपुर वन परिक्षेत्र अंतर्गत कुसुवामुंडा जंगल में मादा हाथी का शव मिला था। करंट की चपेट में आने से उसकी मौत की बात कही जा रही थी, लेकिन डीएफओ ने इसे नकारते हुए बीमारी से मौत की बात बताई थी। इसी बीच सूरजपुर जिले के गुरु घासीदास टाइगर रिजर्व पार्क (Guru Ghasi Das Tiger Reserve) इलाके में स्थित मोहरसोप के पास गुरुवार की सुबह एक बेबी एलीफैंट का शव मिला। शव 2-3 दिन पुराना बताया जा रहा है। 2 दिन तक शावक का शव जंगल में पड़ा रहा, लेकिन वन विभाग को इसकी भनक तक नहीं लग सकी। ग्रामीणों की सूचना पर अब विभाग के कर्मचारी एक्टिव हो गए हैं। शावक की मौत कैसे हुई, इसका पता फिलहाल नहीं चल सका है।
सूरजुपर जिले में पिछले कुछ महीने से कबरा कान हाथी की दहशत देखने को मिल रही थी। फिलहाल वह सरगुजा जिले के उदयपुर वन परिक्षेत्र में सुबह से भ्रमण कर रहा है। इस दौरान रात में उसने ग्राम उमेश्वरपुर में एक महिला को भी मार (Elephant killed woman) डाला। इधर सूरजपुर जिले में ही गुरु घासीदास टाइगर रिजर्स क्षेत्र में मोहरसोप-कछवारी मुख्य मार्ग के पास जुड़वानिया लालमाटी जंगल में हाथी के एक शाावक का शव मिला है।
वहां से गुजर रहे ग्रामीणों ने इसकी सूचना वन विभाग को दी। सूचना मिलते ही विभागीय अधिकारी-कर्मचारी एक्टिव हो गए। शव 2-3 दिन पुराना बताया जा रहा है। ऐसे में सवाल यह उठता है कि शावक की मौत 2-3 दिन पहले हो चुकी तो वन विभाग के कर्मचारियों को इसकी भनक क्यों नहीं लग सकी? इस घटना ने वन विभाग की गश्ती दल की पोल खोल दी है।
लगातार हाथियों की हो रही मौत विभाग व शासन के लिए चिंता का विषय है। वहीं क्षेत्र के ग्रामीणों का आरोप है कि महुली वन परिक्षेत्र के प्रभारी रेंजर अक्सर गायब रहते हैं, ऐसे में हाथियों की निगरानी भगवान भरोसे ही है।
उदयपुर में मिला था हथिनी का शव
बता दें कि शावक का शव मिलने से 2 दिन पूर्व सरगुजा जिले के उदयपुर कुसुवामुंडा जंगल में एक हथिनी का शव मिला था। जबकि एक हाथी गायब बताया जा रहा है। बुधवार को सरगुजा डीएफओ (Surguja DFO) समेत पूरा वन अमला गायब हाथी और जंगल में लगाए गए करंट प्रवाहित तार की खोजबीन में डॉग स्क्वायड के साथ जुटा रहा।
इस दौरान उन्होंने एक दर्जन से अधिक ग्रामीणों को भी हिरासत में लिया था, जिनमें से आधा दर्जन से अधिक को छोड़ दिया गया। गुुरुवार को पूरा वन अमला कबरा कान हाथी के निगरानी में लगा हुआ है। उसे ट्रैक्यूलाइज किए जाने की भी बात कही जा रही है।
