देश

सांसद नवीन जिन्दल की पहल पर खिलाड़ियों को सुविधाएं उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा: धर्मवीर सिंह

 

कुरुक्षेत्र संसदीय क्षेत्र में सांसद खेल महोत्सव के अंतर्गत खेल और खिलाड़ियों को सशक्त करने का किया गया प्रयास

कुरुक्षेत्र: 26 दिसंबर 2025। सांसद नवीन जिन्दल के विज़न और उनकी खेल भावना ने कुरुक्षेत्र संसदीय क्षेत्र में सांसद खेल महोत्सव को ऊंचाइयों तक पहुंचाया है। कुरुक्षेत्र संसदीय क्षेत्र में सांसद खेल महोत्सव की भव्यता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि इसकी आधिकारिक वेबसाइट पर कुल तीन लाख तीस हजार से अधिक खिलाड़ियों ने पंजीकरण कराया। यह संख्या अपने आप में बताती है कि इस आयोजन ने कितने बड़े स्तर पर युवाओं को खेलों से जोड़ा। इनमें से एक लाख खिलाड़ियों ने विभिन्न प्रतियोगिताओं में सक्रिय रूप से भाग लिया, जिनमें लगभग पचपन प्रतिशत प्रतिभागी लड़कियां और पैंतालीस प्रतिशत लड़के रहे। इस प्रकार सांसद खेल महोत्सव 2025 ने कुरुक्षेत्र संसदीय क्षेत्र की नारी शक्ति को एक सशक्त और सम्मानजनक मंच प्रदान किया।

कुरुक्षेत्र संसदीय क्षेत्र में हुए सांसद खेल महोत्सव के बारे में विस्तृत जानकारी देते हुए सांसद कार्यालय प्रभारी धर्मवीर सिंह ने बताया कि सांसद नवीन जिन्दल की पहल पर खिलाड़ियों को सुविधाएं उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा। सांसद खेल महोत्सव 2025 के अंतर्गत 14 खेल प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं, जिनमें एथलेटिक्स, बॉक्सिंग, जूडो, रस्सीकूद, रस्साकशी, क्रिकेट, वॉलीबॉल, कबड्डी, कुश्ती, तीरंदाजी, खो-खो, हॉकी, निशानेबाजी और बॉडी बिल्डिंग आदि शामिल रहीं। इन खेलों की प्रतियोगिताएं क्षेत्र के कुल 35 विभिन्न स्थानों पर आयोजित की गईं, जिससे गांव-गांव और शहर-शहर तक खेल का उत्साह देखने को मिला। इस खेल महोत्सव के दौरान 200 से अधिक कोच एवं सपोर्ट स्टाफ ने अपनी सेवाएं दीं। खेल मैदानों पर उमड़ी भीड़ और खिलाड़ियों के जोश ने दर्शाया कि खेल संस्कृति अब जन-आंदोलन का रूप ले रही है।

उन्होंने बताया कि कुरुक्षेत्र संसदीय क्षेत्र के इस सांसद खेल महोत्सव की एक और बड़ी विशेषता इसका त्रिस्तरीय आयोजन मॉडल रहा। पहले चरण में कुरुक्षेत्र संसदीय क्षेत्र के सभी 33 ब्लॉकों में ब्लॉक स्तर की प्रतियोगिताएं करवाई गईं। इसके बाद दूसरे चरण में सभी 9 विधानसभा क्षेत्रों में मुकाबले हुए। अंततः तीसरे और अंतिम चरण में लोकसभा स्तर की प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। इन तीनों चरणों में कुरुक्षेत्र संसदीय क्षेत्र के लगभग एक लाख खिलाड़ियों की व्यापक सहभागिता इस बात का प्रमाण है कि खेल अब केवल कुछ चुनिंदा इलाकों तक सीमित नहीं रहे, बल्कि हर वर्ग और क्षेत्र तक पहुंच चुके हैं।

धर्मवीर सिंह ने बताया कि यह महोत्सव 21 सितंबर 2025 से आरंभ होकर 25 दिसंबर 2025 तक लगभग तीन महीने तक चला। इतने लंबे समय तक निरंतर चले इस आयोजन ने युवाओं को न केवल खेलों से जोड़े रखा, बल्कि उन्हें नशे और नकारात्मक गतिविधियों से दूर रहने का भी संदेश दिया। इस महोत्सव में लगभग विजेता खिलाड़ियों को कुल 2 करोड़ रुपये से ज्यादा की नकद पुरस्कार राशि देकर सम्मानित किया गया। खिलाड़ियों को प्रोत्साहन देने की यह पहल खिलाड़ियों के मनोबल को बढ़ाने और उन्हें आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करने का मजबूत आधार बनी।



















उन्होंने बताया कि सांसद नवीन जिन्दल के मार्गदर्शन में सांसद खेल महोत्सव अपने विशाल स्वरूप और भव्यता के कारण कुरुक्षेत्र में सांसद खेल महोत्सव 2025 हरियाणा राज्य में प्रथम और देशभर में तीसरे स्थान पर रहा, जोकि कुरुक्षेत्र संसदीय क्षेत्र के लिए गर्व की बात है।
कुरुक्षेत्र संसदीय क्षेत्र के इस खेल महोत्सव का एक विशेष आकर्षण पोलो खेल को लेकर आयोजित एग्जिबिशन मैच रहा, जिसका उद्देश्य इस खेल के प्रति जागरूकता बढ़ाना था। इस मैच में स्वयं सांसद नवीन जिन्दल ने भी भाग लिया। एक जनप्रतिनिधि को मैदान में खेलते देख युवाओं का उत्साह दोगुना हो गया। नवीन जिन्दल स्वयं एक खिलाड़ी हैं और वे खेलों को हार-जीत से ऊपर उठकर खेल भावना से खेलने के महत्व को भली-भांति समझते हैं। यही कारण है कि पूरे खेल महोत्सव के दौरान वे प्रत्येक गतिविधि से व्यक्तिगत रूप से जुड़े रहे और हर स्तर पर इसकी बारीकी से निगरानी करते रहे।

धर्मवीर सिंह ने बताया कि सांसद नवीन जिन्दल का मानना है कि खेलों से अनुशासन आता है और अनुशासन से राष्ट्र मजबूत बनता है। वे यह भी मानते हैं कि खेल, नशे जैसी दुष्प्रवृत्तियों से युवाओं को दूर रखने का सबसे प्रभावी माध्यम हैं। सांसद खेल महोत्सव इसी सोच का साकार रूप है, जिसने कुरुक्षेत्र संसदीय क्षेत्र को खेल, स्वास्थ्य और सकारात्मक सोच के पथ पर आगे बढ़ाया है।

उन्होंने बताया कि सांसद नवीन जिन्दल की सक्रिय भूमिका और खेलों के प्रति समर्पण की भावना को देखते हुए युवा सांसद खेल महोत्सव के आगामी आयोजन को लेकर खिलाड़ियों में उत्साह देखा जा रहा है। सांसद नवीन जिन्दल के कुशल मार्गदर्शन एवं नेतृत्व में आगामी सांसद खेल महोत्सव भी न केवल कुरुक्षेत्र संसदीय क्षेत्र बल्कि पूरे देश के लिए खेल विकास का एक प्रेरक मॉडल बनकर उभरेगा।



IMG-20240424-WA0003
previous arrow
next arrow

raigarh top news

www.raigarhtopnews.com दैनिक हिन्दी न्यूज वेबसाईट है और रायगढ़ जिले का सर्वाधिक लोकप्रिय व सबसे ज्यादा पढ़ा जाने वाला न्यूज वेबसाईट है। www.raigarhtopnews.com पूरे छत्तीसगढ़ प्रदेश व रायगढ़ जिले की शासकीय व अर्द्धशासकीय योजनाओं के साथ सभी खबरों को प्राथमिकता के साथ प्रसारित करने में अपना महत्वपूर्ण योगदान देता है।
Back to top button