महेंद्र सिंह यादव बने रायगढ़ अधिवक्ता संघ के नए अध्यक्ष, 54 वोटों से प्रतिद्वंद्वी को दी शिकस्त

रायगढ़ November 5, 2026 • रिपोर्टर: raigarh top news
महेंद्र सिंह यादव बने रायगढ़ अधिवक्ता संघ के नए अध्यक्ष, 54 वोटों से प्रतिद्वंद्वी को दी शिकस्त

महेंद्र सिंह यादव बने रायगढ़ अधिवक्ता संघ के नए अध्यक्ष, 54 वोटों से प्रतिद्वंद्वी को दी शिकस्त

कोषाध्यक्ष और सांस्कृतिक सचिव निर्विरोध चुने गए
जीत के बाद बार एसोसिएशन में जश्न

रायगढ़ टॉप न्यूज 05 नवंबर । रायगढ़ जिला अधिवक्ता संघ के चुनाव में महेंद्र सिंह यादव ने अध्यक्ष पद पर जीत दर्ज करते हुए 54 मतों के अंतर से अपने प्रतिद्वंद्वी को शिकस्त दी। गुरुवार को छह राउंड में पूरी हुई मतगणना के बाद चुनाव परिणाम घोषित किए गए। उपाध्यक्ष, सचिव, सह सचिव और ग्रंथालय सचिव पदों पर भी नए पदाधिकारियों का निर्वाचन हुआ, जबकि कोषाध्यक्ष और सांस्कृतिक एवं क्रीड़ा सचिव पद पर प्रत्याशी निर्विरोध चुने गए। परिणाम घोषित होते ही बार एसोसिएशन में जश्न का माहौल बन गया और अधिवक्ताओं ने नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को बधाई दी।

रायगढ़ जिला अधिवक्ता संघ चुनाव की मतगणना गुरुवार को पूरी हुई। सुबह 11 बजे शुरू हुई गिनती 6 राउंड में पूरी हुई। अध्यक्ष पद पर महेंद्र सिंह यादव ने अपने प्रतिद्वंद्वी को 54 वोटों से हराकर जीत दर्ज की। उन्हें कुल 265 वोट मिले। वहीं उपाध्यक्ष, सचिव और अन्य पदों पर भी प्रत्याशियों ने जीत हासिल की। कुछ पदों पर निर्विरोध निर्वाचन हुआ।

उपाध्यक्ष पद पर संजय कुमार शर्मा ने 388 वोट हासिल किए। उन्होंने 188 वोटों के अंतर से जीत दर्ज की। उपाध्यक्ष कनिष्ठ महिला पद पर विमला महंत को 367 वोट मिले। वे 148 वोटों से निर्वाचित हुईं। सचिव पद पर जय कुमार मालाकार ने 215 वोट हासिल कर 87 वोटों से जीत दर्ज की। सह सचिव पद पर भावेश स्वर्णकार को 458 वोट मिले। उन्होंने 326 वोटों के अंतर से जीत हासिल की।

कोषाध्यक्ष और सांस्कृतिक सचिव निर्विरोध निर्वाचित
कोषाध्यक्ष पद पर शकुंतला चौहान निर्विरोध निर्वाचित हुईं। सांस्कृतिक एवं क्रीड़ा सचिव पद पर गोपीराम यादव को भी निर्विरोध चुना गया। ग्रंथालय सचिव पद पर कौशल सिंह राजपूत को 366 वोट मिले। उन्होंने 145 वोटों से जीत दर्ज की।

कार्यकारिणी सदस्य पदों पर ये हुए निर्वाचित
कार्यकारिणी सदस्य के महिला आरक्षित दो पदों पर दीप निराला को 311 और काजल सिंह पैंकरा को 365 वोट मिले। दोनों निर्वाचित हुईं। वहीं कार्यकारिणी सदस्य महिला अनारक्षित के चार पदों पर अहिल्या गुप्ता, प्रीति महंत, प्रवीण कुमार साहू और शकुंतला विश्वकर्मा निर्विरोध निर्वाचित हुईं।

जीत के बाद बार एसोसिएशन में जश्न
चुनाव प्रक्रिया को पूरा कराने में मुख्य निर्वाचन अधिकारी बंशीधर गुरु, सहायक निर्वाचन अधिकारी शिशिर वर्मा और लोकनाथ नंदे, उप निर्वाचन अधिकारी किशोर थवाईत, मनोज पटनायक, राजेश मेहर और शरद बेरीवाल की भूमिका रही। रिजल्ट घोषित होने के बाद बार एसोसिएशन में उत्साह का माहौल रहा। अधिवक्ताओं ने नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को बधाई दी। एक-दूसरे को गुलाल लगाकर और मिठाई खिलाकर जीत का जश्न मनाया।

‘अध्यक्ष पद मेरे लिए सेवा का अवसर’
नवनिर्वाचित अध्यक्ष महेंद्र सिंह यादव ने कहा कि अध्यक्ष बनना उनके लिए कोई उपलब्धि नहीं, बल्कि सेवा का अवसर है। वे इस पद पर सेवा करने के उद्देश्य से आए हैं और अधिवक्ता संघ ने उन्हें जितना मौका दिया है, उसका पूरा उपयोग करेंगे।

खबर शेयर करें: