Raigarh: ठंड बढ़ते ही रायगढ़ में अजगरों की दस्तक तेज, घरों-कॉलोनियों से मिले 7 विशाल अजगर; रेस्क्यू कर जंगल में छोड़ा
Raigarh: ठंड बढ़ते ही रायगढ़ में अजगरों की दस्तक तेज, घरों-कॉलोनियों से मिले 7 विशाल अजगर; रेस्क्यू कर जंगल में छोड़ा
रायगढ़। मौसम में ठंडक बढ़ने के साथ ही रायगढ़ जिले में सांपों की सक्रियता बढ़ने लगी है। भोजन की तलाश में अजगर अब रिहायशी इलाकों, घरों और कॉलोनियों तक पहुंच रहे हैं। शहर के अलग-अलग क्षेत्रों में अजगरों के लगातार मिलने से लोगों में चिंता बढ़ रही है। हालांकि, सर्प रक्षक समिति की सक्रिय टीम इन सांपों का सुरक्षित रेस्क्यू कर उन्हें उनके अनुकूल प्राकृतिक वातावरण में छोड़ रही है। इसी क्रम में हाल ही में शहर के विभिन्न इलाकों से रेस्क्यू किए गए सात अजगरों को सुरक्षित जंगल में छोड़ा गया।
शहर के छह इलाकों से मिले सात अजगर
सर्प रक्षक समिति के अध्यक्ष विनीतेश तिवारी ने बताया कि ठंड के मौसम में अजगर, रसेल वाइपर और बैंडेड रेसर जैसी प्रजातियों के सांपों की सक्रियता बढ़ जाती है। भोजन की तलाश में ये सांप अक्सर चूहों का पीछा करते हुए घरों और रिहायशी बस्तियों तक पहुंच जाते हैं। इन दिनों शहर में लगातार अजगर मिलने की सूचनाएं मिल रही हैं।
उन्होंने बताया कि हाल ही में रेस्क्यू किए गए सात अजगरों में कृष्ण कुंज भगवानपुर से एक, जिला जेल परिसर से एक, श्रीकुंज कृषि विद्यालय रोड से दो, ग्रीन सिटी कॉलोनी से एक, इंदिरा नगर स्थित केटीएम शोरूम के पास से एक और टीवी टावर रोड स्थित साईं मंगलम कॉलोनी से एक अजगर शामिल है। सभी अजगरों को सावधानीपूर्वक रेस्क्यू करने के बाद शहर से बाहर उनके अनुकूल प्राकृतिक वातावरण में सुरक्षित छोड़ दिया गया।
सर्प रक्षक समिति की टीम लगातार कर रही रेस्क्यू
विनीतेश तिवारी ने बताया कि सर्प रक्षक समिति के सक्रिय सदस्य सुमित बेहरा, पुष्पेंद्र त्रिपाठी, विक्की चौहान, किशन धर्मा, रवि मिरी और जय नारायण खर्रा लगातार रेस्क्यू अभियान में जुटे हुए हैं। टीम द्वारा शहर के अलग-अलग क्षेत्रों से जहरीले और बिना जहर वाले सांपों का रेस्क्यू कर उन्हें सुरक्षित प्राकृतिक वातावरण में छोड़ा जा रहा है।
समिति ने लोगों से अपील की है कि घर या आसपास सांप दिखाई देने पर घबराएं नहीं और न ही उसे मारने की कोशिश करें। सुरक्षित दूरी बनाए रखें और प्रशिक्षित रेस्क्यू टीम को सूचना दें, ताकि सांप और आमजन दोनों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।