Raigarh News: नाले के पास मिला 59 वर्षीय ग्रामीण का शव, सिर-चेहरे पर चोट के निशान; हत्या की आशंका से मचा हड़कंप

रायगढ़ November 5, 2026 • रिपोर्टर: raigarh top news
Raigarh News: नाले के पास मिला 59 वर्षीय ग्रामीण का शव, सिर-चेहरे पर चोट के निशान; हत्या की आशंका से मचा हड़कंप

Raigarh News: नाले के पास मिला 59 वर्षीय ग्रामीण का शव, सिर-चेहरे पर चोट के निशान; हत्या की आशंका से मचा हड़कंप

रायगढ़। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में एक ग्रामीण का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। पुसौर थाना क्षेत्र के ग्राम छींच में गुरुवार सुबह जोरानाला के पास 59 वर्षीय ग्रामीण का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिला। मृतक के सिर और चेहरे पर चोट के निशान पाए गए हैं, जिससे हत्या की आशंका जताई जा रही है। सूचना मिलते ही पुसौर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।

मृतक की पहचान ग्राम छींच निवासी मित्रभानु भोय (59 वर्ष) के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह खेती-किसानी करने के साथ हलवाई का काम भी करते थे। बुधवार शाम वह घर से मैदान जाने की बात कहकर निकले थे, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटे।

रातभर घर नहीं लौटे, सुबह नाले के पास मिला शव
परिजनों के मुताबिक, मित्रभानु अक्सर बिना बताए आसपास के गांवों में मिठाई बनाने के काम से चले जाते थे। इसी वजह से बुधवार रात उनके घर नहीं लौटने पर परिजनों ने ज्यादा चिंता नहीं की। लेकिन गुरुवार सुबह जोरानाला के पास उनका शव मिलने की खबर से परिवार में मातम छा गया।

सिर और चेहरे पर चोट के निशान, पुलिस जांच में जुटी
घटना की सूचना मिलने पर पुसौर पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और आवश्यक कार्रवाई शुरू की। पुलिस परिजनों एवं ग्रामीणों से पूछताछ कर रही है। मृतक के शरीर पर मिले चोट के निशानों को देखते हुए घटना को संदिग्ध माना जा रहा है।

फिलहाल पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही ग्रामीण की मौत की असली वजह स्पष्ट हो सकेगी। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है।

खबर शेयर करें: