कोरबा: 27.90 लाख की ठगी में फरार आरोपी दीपक टंडन के खिलाफ नई शिकायत दर्ज
कोरबा: 27.90 लाख की ठगी में फरार आरोपी दीपक टंडन के खिलाफ नई शिकायत दर्ज
कोरबा: जिले में 27 लाख 90 हजार रुपये की कथित धोखाधड़ी के मामले में आरोपी दीपक उर्फ अंबेडकर टंडन की गिरफ्तारी न होने पर पुलिस की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठने लगे हैं। गेवरा प्रोजेक्ट, ऊर्जानगर निवासी महेन्द्र सिंह ने पुलिस अधीक्षक को लिखित आवेदन देकर आरोपी की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की है।
शिकायत में महेन्द्र सिंह ने बताया कि वर्ष 2020 में उन्होंने थाना दीपका में दीपक टंडन के खिलाफ धारा 420 आईपीसी के तहत एफआईआर क्रमांक 160/2020 दर्ज कराई थी। पुलिस जांच के बाद वर्ष 2024 में अंतिम प्रतिवेदन न्यायालय में पेश किया गया, जहां यह प्रकरण क्रमांक 48/24 के रूप में विचाराधीन है।
शिकायतकर्ता का आरोप है कि आरोपी लगातार न्यायालय में उपस्थित नहीं हो रहा और गिरफ्तारी वारंट जारी होने के बावजूद उसे पकड़ने में पुलिस नाकाम रही है। महेन्द्र सिंह ने यह भी दावा किया कि दीपक टंडन ने रायपुर, सक्ती, कोरबा सहित अन्य जिलों में भी इसी तरह की धोखाधड़ी की घटनाओं को अंजाम दिया है।
महेन्द्र सिंह ने पुलिस अधीक्षक से मांग की है कि माननीय न्यायालय द्वारा जारी वारंट के आधार पर आरोपी को तुरंत गिरफ्तार कर हिरासत में लिया जाए, ताकि न्यायिक प्रक्रिया प्रभावित न हो और पीड़ित को न्याय मिल सके।
स्थानीय लोगों में भी इस मामले को लेकर चिंता बढ़ गई है, क्योंकि आरोपी वर्षों बाद भी खुलेआम घूम रहा है। यदि पुलिस द्वारा शीघ्र कार्रवाई नहीं की जाती है, तो यह घटना कानून व्यवस्था और पुलिस प्रशासन की कार्यशैली पर गंभीर प्रश्नचिह्न खड़ा कर सकती है।
