CG BREAKING: बच्चों के सपनों को मिला नया ठिकाना! रेंगालपाली में 1.21 करोड़ का हाईटेक स्कूल… स्मार्ट क्लास से लैब तक सब कुछ तैयार
CG BREAKING: बच्चों के सपनों को मिला नया ठिकाना! रेंगालपाली में 1.21 करोड़ का हाईटेक स्कूल… स्मार्ट क्लास से लैब तक सब कुछ तैयार
रायपुर।
छत्तीसगढ़ के ग्रामीण अंचल में अब शिक्षा सिर्फ किताबों तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि स्मार्ट क्लास, आधुनिक लैब और डिजिटल सीखने के साथ आगे बढ़ेगी। वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी ने आज रायगढ़ जिले के पुसौर विकासखंड के ग्राम रेंगालपाली में 1 करोड़ 21 लाख 16 हजार रुपए की लागत से बने सर्वसुविधायुक्त शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय भवन का लोकार्पण किया। इस दौरान उन्होंने विद्यालय की स्मार्ट क्लास और प्रयोगशालाओं का निरीक्षण किया तथा विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत विज्ञान मॉडल प्रदर्शनी की सराहना की।
नव निर्मित विद्यालय भवन को आधुनिक शैक्षणिक मानकों के अनुरूप डिजाइन किया गया है। इसमें 9 सुसज्जित कक्षाएं, स्मार्ट क्लास, दो अत्याधुनिक प्रयोगशालाएं, समृद्ध लाइब्रेरी, प्राचार्य एवं स्टाफ कक्ष के साथ बालक-बालिका के लिए अलग प्रसाधन कक्ष जैसी सुविधाएं शामिल हैं। यह भवन 300 से अधिक विद्यार्थियों को सुरक्षित, प्रेरणादायक और आधुनिक शिक्षण वातावरण प्रदान करेगा।
“गुणवत्तापूर्ण शिक्षा ही विकसित भारत की नींव”
लोकार्पण समारोह में वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी ने कहा कि उच्च गुणवत्ता की शिक्षा ही उन्नत समाज और विकसित भारत की सबसे मजबूत नींव है। उन्होंने स्पष्ट किया कि सरकार का संकल्प है कि हर बच्चे को बेहतर, सुरक्षित और आधुनिक शिक्षा सुविधाएं मिलें। उन्होंने कहा कि रायगढ़ जिला शिक्षा, स्वास्थ्य और अधोसंरचना के क्षेत्र में तेजी से प्रगति कर रहा है।
वित्त मंत्री ने विद्यालय विकास में एचडीएफसी बैंक के सीएसआर सहयोग के लिए आभार व्यक्त करते हुए कहा कि रायगढ़ विधानसभा क्षेत्र में पिछले दो वर्षों में जितने शैक्षणिक और विकास कार्य हुए हैं, उतने पहले कई वर्षों में भी नहीं हो पाए। उन्होंने छात्र-छात्राओं से मेहनत, अनुशासन और स्पष्ट लक्ष्य के साथ पढ़ाई करने का आह्वान किया और उन्हें कैरियर मार्गदर्शन भी प्रदान किया।
भवन की खासियतें बताईं अधिकारियों ने
लोक निर्माण विभाग के कार्यपालन अभियंता अमित कश्यप ने विद्यालय भवन की लागत, संरचना और उपलब्ध सुविधाओं की विस्तृत जानकारी दी। कार्यक्रम में पूर्व विधायक विजय अग्रवाल, जनपद अध्यक्ष पुसौर हेमलता चौहान, हेमालिनी गुप्ता, नगर पंचायत अध्यक्ष मानी सतपथी, विद्यालय स्टाफ और बड़ी संख्या में विद्यार्थी मौजूद रहे।
अब गांव के बच्चों के सामने सवाल नहीं, बल्कि नए अवसरों के दरवाजे खुल गए हैं —
क्या रेंगालपाली का यह स्कूल भविष्य के वैज्ञानिक, डॉक्टर और अफसर तैयार करेगा? इसकी नींव आज ही रख दी गई है।