रायगढ़ में सजेगा माँ खड़्ग धारिणी का भव्य दरबार: 1500 मातृशक्तियां एक ताल में करेंगी सनातनी गरबा की प्रस्तुति
रायगढ़ में सजेगा माँ खड़्ग धारिणी का भव्य दरबार: 1500 मातृशक्तियां एक ताल में करेंगी सनातनी गरबा की प्रस्तुति
सेवा भारती समिति के मार्गदर्शन में ‘महिला समन्वय रायगढ़’ का तीन दिवसीय ऐतिहासिक आयोजन
17, 18 और 19 अक्टूबर को प्रतिदिन शाम 7:00 बजे से नटवर स्कूल मैदान में गूंजेगी माता की आराधना
रायगढ़। रायगढ़ संस्कारधानी रायगढ़ की पावन धरा पर आगामी 17 अक्टूबर से भक्ति, शक्ति और भारतीय संस्कृति का अनूठा संगम देखने को मिलेगा। स्थानीय नटवर स्कूल के विशाल प्रांगण में माँ खड़्ग धारिणी का भव्य दरबार सजने जा रहा है, जहाँ तीन दिवसीय भव्य सनातनी गरबा महोत्सव का आयोजन होने जा रहा है। यह गरिमामयी आयोजन सेवा भारती समिति के मार्गदर्शन में ‘महिला समन्वय रायगढ़’ द्वारा संपन्न कराया जा रहा है।
1500 मातृशक्तियां एक ताल में करेंगी माँ की आराधना
इस त्रिदिवसीय महाआयोजन की सबसे बड़ी विशेषता पारंपरिक और सनातनी मूल्यों पर आधारित गरबा नृत्य होगी। आगामी 17, 18 एवं 19 अक्टूबर को प्रतिदिन शाम 7:00 बजे से शहर व आसपास के अंचलों की लगभग 1500 बालिकाएं, युवतियां एवं मातृशक्तियां एक ही प्रांगण में, एक ही लय-ताल में माँ जगदम्बा की आराधना करते हुए गरबा प्रस्तुत करेंगी। भारतीय वेशभूषा और मर्यादा के अनुरूप होने वाला यह भव्य प्रदर्शन शहरवासियों के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र रहेगा।
अंतिम चरण में तैयारियां, नटवर स्कूल मैदान में सजा भव्य पंडाल
आयोजन समिति ने जानकारी दी है कि नटवर स्कूल मैदान में विशाल पंडाल, माँ खड़्ग धारिणी का आकर्षक दरबार, विशेष प्रकाश व्यवस्था और ध्वनि विस्तारक यंत्रों की व्यापक व्यवस्था की जा रही है। दर्शकों की सुरक्षा, स्वच्छता और बैठने की सुव्यवस्थित व्यवस्था का विशेष ध्यान रखा गया है। इस अनुष्ठान को सफल बनाने के लिए प्रतिभागी मातृशक्तियों द्वारा पिछले कई दिनों से सघन अभ्यास किया जा रहा है।
कुशल प्रशिक्षकों के मार्गदर्शन में चल रहा है अभ्यास
इस कार्यक्रम को भव्यता एवं दिव्यता प्रदान करने के लिए ‘माँ आदिशक्ति खड़्ग धारिणी गरबा संचालन समिति’ का गठन किया गया है:
संयोजिका: श्रीमती निवेदिता पटनायक
सहसंयोजिका: श्रीमती सोहिता बाजपेई एवं सुश्री रुचि मिश्रा
प्रचार प्रमुख: श्रीमती विनीता अग्रवाल
कोषाध्यक्ष: श्रीमती आरती जयसवाल
अन्य सक्रिय सदस्य: श्रीमती सुजाता साहू, श्रीमती स्नेहा तिवारी एवं श्रीमती किरण चौहान
विगत एक माह से नटवर स्कूल के डोम एरिया में प्रतिदिन शाम 5:00 बजे से कुशल प्रशिक्षकों द्वारा गरबा का विशेष प्रशिक्षण दिया जा रहा है।
समिति की अपील
आयोजन समिति के सभी सदस्यों ने नगर के समस्त धर्मप्रेमी नागरिकों, परिवारों और प्रबुद्धजनों से विनम्र अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर माँ खड़्ग धारिणी के दर्शन-पूजन का लाभ लें तथा मातृशक्तियों के इस सनातनी अनुष्ठान के साक्षी बनकर उनका उत्साहवर्धन करें।