धमतरी: नेशनल हेराल्ड मामले में कांग्रेस का प्रदर्शन, भाजपा कार्यालय घेराव के दौरान झड़प
धमतरी: नेशनल हेराल्ड मामले में कांग्रेस का प्रदर्शन, भाजपा कार्यालय घेराव के दौरान झड़प
धमतरी: नेशनल हेराल्ड मामले को लेकर धमतरी में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भाजपा कार्यालय का घेराव किया, जिसके दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच झड़प हुई। प्रदर्शन को नियंत्रित करने के लिए पुलिस को बैरिकेडिंग करनी पड़ी। इस दौरान विधायक अम्बिका मरकाम और पूर्व विधायक लेखराम साहू सड़क पर गिर गए और उन्हें हल्की चोटें आईं।
धमतरी जिला कांग्रेस कमेटी के आह्वान पर बड़ी संख्या में कार्यकर्ता नेशनल हेराल्ड मामले में भाजपा के खिलाफ विरोध प्रदर्शन के लिए सड़कों पर उतरे। रैली शहर के प्रमुख मार्गों से होती हुई भाजपा कार्यालय की ओर बढ़ी, जहां पुलिस ने 12 फीट ऊंची बैरिकेडिंग कर प्रदर्शनकारियों को रोका। इसके बाद कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच धक्का-मुक्की हुई।
जिला कांग्रेस अध्यक्ष तारिणी चंद्राकर ने कहा कि नेशनल हेराल्ड मामले में दर्ज एफआईआर को अदालत ने खारिज कर दिया है, जिसे उन्होंने “सत्य की जीत” करार दिया। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार ने केंद्रीय एजेंसियों का दुरुपयोग कर कांग्रेस नेतृत्व को बदनाम करने की कोशिश की, लेकिन अदालत ने सच्चाई सामने ला दी।
विधायक ओंकार साहू ने बताया कि कांग्रेस के शीर्ष नेतृत्व को वर्ष 2012 से लगातार प्रताड़ित किया गया, लेकिन अदालत ने सभी आरोप खारिज कर दिए। उन्होंने कहा कि भाजपा को यह संदेश देने के लिए कि “सत्य की हमेशा जीत होती है”, कांग्रेस कार्यकर्ता बड़ी संख्या में कार्यालय का घेराव करने पहुंचे।
गौरतलब है कि नेशनल हेराल्ड मामले की शुरुआत वर्ष 2012 में हुई थी, जब भाजपा नेता सुब्रमण्यम स्वामी ने कांग्रेस नेताओं पर यंग इंडियन लिमिटेड और एजेएल कंपनी के माध्यम से 2000 करोड़ रुपये की संपत्ति पर कथित अवैध कब्जा करने का आरोप लगाया था। कांग्रेस ने इसे राजनीतिक बदले की भावना करार दिया और अदालत ने आरोपों को खारिज कर दिया।
प्रदर्शन के बाद धमतरी में पुलिस बल तैनात रहा और हालात को नियंत्रित कर लिया गया।