दंतेवाड़ा: DSP तोमेश वर्मा केस में सनसनीखेज खुलासा, रेप का आरोप लगाने वाली महिला ही निकली हमलावर
दंतेवाड़ा: DSP तोमेश वर्मा केस में सनसनीखेज खुलासा, रेप का आरोप लगाने वाली महिला ही निकली हमलावर
दंतेवाड़ा।
छत्तीसगढ़ के सुकमा जिले के DSP तोमेश वर्मा पर हुए जानलेवा हमले के मामले में चौंकाने वाला मोड़ सामने आया है। 19 दिसंबर को कोर्ट के काम से सुकमा से दंतेवाड़ा पहुंचे DSP पर बीच शहर में चाकू से हमला किया गया। इस वारदात में जो महिला आरोपी सामने आई है, वही महिला है जिसने करीब एक साल पहले DSP पर रेप का आरोप लगाया था।
पुलिस के मुताबिक, यह महिला दुर्ग जिले की रहने वाली और पहले से शादीशुदा है। उसने अपने पुरुष दोस्त रमाशंकर साहू के साथ मिलकर इस हमले को अंजाम दिया। हैरान करने वाली बात यह है कि दोनों आरोपी करीब 400 किलोमीटर से अधिक का सफर तय कर DSP की हत्या के इरादे से दंतेवाड़ा पहुंचे थे।
दंतेवाड़ा पुलिस के अनुसार, आरोपी महिला ने पहले दुर्ग के मोहननगर थाना में DSP तोमेश वर्मा के खिलाफ रेप का मामला दर्ज कराया था। अब उसी महिला ने अपने साथी के साथ मिलकर DSP पर जानलेवा हमला कर दिया। घटना सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र की है।
पुलिस जांच में सामने आया है कि एक दिन पहले दोनों आरोपी दुर्ग से 395 किलोमीटर दूर सुकमा पहुंचे, जहां उन्होंने DSP की रेकी की। 19 दिसंबर को जब DSP सुकमा से करीब 80 किलोमीटर दूर दंतेवाड़ा कोर्ट पहुंचे, तो आरोपी भी पीछे-पीछे दंतेवाड़ा पहुंच गए। बीच शहर में एक बाइक शोरूम के पास DSP रुके थे, तभी महिला उनके पास पहुंची और बातचीत करने लगी।
इसी दौरान मौका पाकर महिला का दोस्त रमाशंकर साहू पीछे से आया और DSP के गले पर चाकू से वार कर दिया। गंभीर रूप से घायल होने के बावजूद DSP ने साहस दिखाते हुए खुद को संभाला और हमलावर को जमीन पर पटक दिया। शोर सुनकर आसपास के लोग भी मौके पर पहुंचे और आरोपी को पकड़ लिया।
घटना के बाद पुलिस ने दोनों आरोपियों को हिरासत में ले लिया है और उनसे गहन पूछताछ जारी है। इस सनसनीखेज हमले ने पूरे पुलिस महकमे में हड़कंप मचा दिया है और अब जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि क्या यह हमला पूर्व नियोजित बदले की साजिश थी या इसके पीछे कोई और गहरी कहानी छिपी है।