मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने खैरा सेतगंगा धाम में किए राम-जानकी-लक्ष्मण के दर्शन
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने खैरा सेतगंगा धाम में किए राम-जानकी-लक्ष्मण के दर्शन
रायपुर: छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने मुंगेली जिले के प्रसिद्ध खैरा सेतगंगा धाम में स्थित राम-जानकी मंदिर पहुंचकर प्रभु श्रीराम, माता जानकी और भ्राता लक्ष्मण के दर्शन किए। मुख्यमंत्री ने मंदिर में विधिवत पूजा-अर्चना कर प्रदेश की सुख-समृद्धि, शांति और सर्वांगीण कल्याण की कामना की।
मुख्यमंत्री ने मंदिर परिसर में प्रवेश कर सबसे पहले भगवान श्रीराम के चरणों में शीश नवाया। इसके बाद माता जानकी और भ्राता लक्ष्मण के दर्शन कर वैदिक मंत्रोच्चार के बीच पूजा संपन्न की गई। इस अवसर पर मंदिर परिसर में भक्ति और श्रद्धा का वातावरण बना रहा। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रभु श्रीराम का जीवन सत्य, धर्म, करुणा और मर्यादा का संदेश देता है, जिसे अपनाकर समाज और राष्ट्र को सशक्त बनाया जा सकता है।
उन्होंने कहा कि खैरा सेतगंगा धाम आस्था और संस्कृति का महत्वपूर्ण केंद्र है और यहां आकर मन को शांति तथा सकारात्मक ऊर्जा की अनुभूति होती है। पूजा-अर्चना के पश्चात मुख्यमंत्री ने मंदिर प्रबंधन और स्थानीय श्रद्धालुओं से संवाद किया और मंदिर की धार्मिक-सांस्कृतिक महत्ता की सराहना की।
इस दौरान स्थानीय लोगों में भी उत्साह देखा गया। श्रद्धालुओं ने मुख्यमंत्री का स्वागत किया और प्रभु श्रीराम की जयकार के नारे लगाए। मुख्यमंत्री ने दोहराया कि राज्य सरकार प्रदेश के सर्वांगीण विकास के साथ-साथ धार्मिक स्थलों और सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण के लिए भी निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने विश्वास जताया कि प्रभु श्रीराम की कृपा से छत्तीसगढ़ निरंतर उन्नति के पथ पर आगे बढ़ेगा।