छत्तीसगढ़

CG BREAKING: माओवाद को बड़ा झटका, 11 इनामी नक्सलियों ने किया आत्मसमर्पण

 नारायणपुर में ‘पूना मारगेम’ योजना के तहत 6 पुरुष और 5 महिला माओवादी मुख्यधारा में लौटे, कुल इनाम राशि 37 लाख रुपये

नारायणपुर: छत्तीसगढ़ में माओवादी संगठन को एक बार फिर बड़ा झटका लगा है। नारायणपुर जिले में शासन की पुनर्वास नीति ‘पूना मारगेम – पुनर्वास से पुनर्जीवन’ के तहत 11 माओवादी कैडरों ने हिंसा का रास्ता छोड़ते हुए मुख्यधारा में वापसी की है। आत्मसमर्पण करने वाले माओवादियों में 6 पुरुष और 5 महिला कैडर शामिल हैं, जिन पर कुल 37 लाख रुपये का इनाम घोषित था।

सभी माओवादी नारायणपुर पुलिस अधीक्षक रॉबिनसन गुड़िया के समक्ष आत्मसमर्पण किए। इस मौके पर पुलिस और प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित रहे।

आत्मसमर्पण करने वालों में 3 मिलिट्री कंपनी सदस्य, 1 एसीएम (एरिया कमेटी मेंबर) और 7 पीएम (पार्टी मेंबर) शामिल हैं, जो संगठन में सक्रिय भूमिका निभा रहे थे।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, ये सभी माओवादी लंबे समय से संगठन के भीतर सक्रिय थे और कई गंभीर नक्सली घटनाओं में शामिल रहे हैं। सुरक्षा बलों की लगातार कार्रवाई, जंगलों में कठिन जीवन और शासन की आत्मसमर्पण एवं पुनर्वास नीति से प्रभावित होकर इन माओवादियों ने हिंसा का रास्ता छोड़ने का निर्णय लिया।

‘पूना मारगेम’ योजना के तहत आत्मसमर्पण करने वाले माओवादियों को सम्मानजनक जीवन की ओर लौटने का अवसर दिया जा रहा है। एसपी रॉबिनसन गुड़िया ने कहा कि शासन की नीति स्पष्ट है कि जो भटके हुए लोग मुख्यधारा में लौटना चाहते हैं, उन्हें पूरा संरक्षण और पुनर्वास मिलेगा। आत्मसमर्पित माओवादियों को प्रारंभिक सहायता के रूप में 50-50 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि प्रदान की गई।

इसके साथ ही शासन की पुनर्वास नीति के तहत उन्हें आवास, रोजगार, शिक्षा एवं कौशल विकास से जुड़ी सुविधाएं भी उपलब्ध कराई जाएंगी।



















गौरतलब है कि वर्ष 2025 में अब तक नारायणपुर जिले में कुल 298 माओवादी कैडर आत्मसमर्पण कर चुके हैं। लगातार हो रहे आत्मसमर्पण से यह स्पष्ट है कि नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में विकास कार्य, सुरक्षा बलों की सख्त कार्रवाई और जनकल्याणकारी योजनाओं का सकारात्मक असर दिख रहा है।

पुलिस प्रशासन ने अन्य सक्रिय माओवादियों से भी अपील की है कि वे हिंसा का रास्ता छोड़कर आत्मसमर्पण करें और समाज की मुख्यधारा से जुड़ें। प्रशासन ने कहा कि सरकार ऐसे सभी लोगों को नया जीवन शुरू करने का अवसर देने के लिए प्रतिबद्ध है।

नारायणपुर में हुए इस आत्मसमर्पण को माओवादी संगठन के लिए बड़ा मनोवैज्ञानिक झटका माना जा रहा है, जिससे आने वाले समय में और भी कैडरों के मुख्यधारा में लौटने की उम्मीद जताई जा रही है।



IMG-20240424-WA0003
previous arrow
next arrow

raigarh top news

www.raigarhtopnews.com दैनिक हिन्दी न्यूज वेबसाईट है और रायगढ़ जिले का सर्वाधिक लोकप्रिय व सबसे ज्यादा पढ़ा जाने वाला न्यूज वेबसाईट है। www.raigarhtopnews.com पूरे छत्तीसगढ़ प्रदेश व रायगढ़ जिले की शासकीय व अर्द्धशासकीय योजनाओं के साथ सभी खबरों को प्राथमिकता के साथ प्रसारित करने में अपना महत्वपूर्ण योगदान देता है।
Back to top button