जगदलपुर में कैंसर मरीजों को मिलेगी बड़ी राहत! महीनों की देरी के बाद अब जनवरी में शुरू होगा कैंसर क्लिनिक का काम

रायपुर।
छत्तीसगढ़ विधानसभा के शीतकालीन सत्र के तीसरे दिन जगदलपुर में कैंसर क्लिनिक निर्माण का मामला गरमा गया। जगदलपुर विधायक किरण सिंह देव ने सुपर स्पेशियालिटी हॉस्पिटल और महारानी अस्पताल में कैंसर क्लिनिक निर्माण में हो रही देरी को लेकर सरकार को घेरा। जवाब में स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने बड़ा आश्वासन देते हुए कहा कि जनवरी महीने में ही निर्माण कार्य शुरू कर दिया जाएगा।
6 महीने बाद भी सिर्फ टेंडर, विधायक ने उठाए सवाल
प्रश्नकाल के दौरान विधायक किरण सिंह देव ने कहा कि महारानी अस्पताल में कैंसर क्लिनिक निर्माण की स्वीकृति 12 जून 2025 को दी गई, लेकिन छह महीने बीतने के बाद भी केवल टेंडर प्रक्रिया ही चल रही है। उन्होंने सवाल किया कि आखिर इतने समय में काम जमीन पर क्यों नहीं उतरा।
स्वास्थ्य मंत्री का जवाब—तकनीकी प्रक्रिया में फंसा रहा मामला
स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने सदन को बताया कि करीब 7 महीने पहले प्रवास के दौरान माताओं के लिए एमआरडी भवन की मांग सामने आई थी, जिसे ध्यान में रखते हुए भवन निर्माण की स्वीकृति दी गई।
उन्होंने कहा कि इस तरह के सुपर स्पेशियालिटी प्रोजेक्ट में प्राइवेट एजेंसी से डीपीआर (DPR) बनवानी पड़ती है, जिसके बाद ईएनसी के माध्यम से तकनीकी स्वीकृति मिलती है। इसी प्रक्रिया के चलते निर्माण में देरी हुई।
विधायक का सीधा सवाल—काम कब शुरू होगा?
विधायक किरण सिंह देव ने दो टूक पूछा कि जब 6 महीने तक टेंडर ही नहीं खुले, तो सुपर स्पेशियालिटी हॉस्पिटल और कैंसर क्लिनिक का निर्माण आखिर कब शुरू होगा?
इस पर मंत्री ने सदन में स्पष्ट कहा—
“मैं आश्वस्त करता हूं कि अगले महीने जनवरी में ही कैंसर क्लिनिक और सुपर स्पेशियालिटी हॉस्पिटल के निर्माण का कार्य प्रारंभ हो जाएगा।”
कैंसर मरीजों के लिए उम्मीद की किरण
इस घोषणा के बाद जगदलपुर और बस्तर संभाग के कैंसर मरीजों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद जगी है। फिलहाल मरीजों को इलाज के लिए रायपुर या बाहर जाना पड़ता है, लेकिन कैंसर क्लिनिक बनने से स्थानीय स्तर पर आधुनिक इलाज संभव हो सकेगा।
अब सबकी नजर जनवरी पर टिकी है—
क्या वाकई जमीन पर उतरेगा वादा, या फिर फाइलों में ही अटका रहेगा कैंसर क्लिनिक?
|
|
|
|
![]() |
![]() |
| ||






