सशक्त, स्वच्छ और विकसित भारत के निर्माण का संकल्प लें सभी नागरिक : सांसद नवीन जिंदल

सशक्त, स्वच्छ और विकसित भारत के निर्माण का संकल्प लें सभी नागरिक : सांसद नवीन जिंदल
-कैथल पुलिस लाइन मैदान में धूमधाम से मनाया गया गणतंत्र दिवस समारोह
-सांसद नवीन जिंदल ने फहराया तिरंगा, ली परेड की सलामी, शहीदों को किया नमन
कहा–भारतीय संविधान ने दिया न्याय, स्वतंत्रता और समानता का अधिकार
कैथल, 26 जनवरी। सांसद नवीन जिंदल ने कहा कि आज ही के दिन 76 वर्ष पहले हमारा संविधान लागू हुआ था, जिसने हमें न्याय, स्वतंत्रता और समानता के मौलिक अधिकार दिए। आज का यह ऐतिहासिक दिन देशवासियों को एक मजबूत राष्ट्र के रूप में आगे बढ़ने के लिए साहस और प्रेरणा देता है। बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर और स्वतंत्रता संग्राम के अनेकों महापुरुषों की बदौलत भारत को स्वतंत्रता मिली और भारतीय संविधान लागू हुआ। आज भारत विश्व का सबसे बड़ा लोकतांत्रिक गणराज्य है। उन्होंने आह्वान किया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी व मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में हम सभी एकजुट होकर आने वाली पीढ़ियों के लिए एक सशक्त, स्वच्छ और विकसित भारत के निर्माण का संकल्प लें।
सांसद नवीन जिंदल सोमवार को स्थानीय पुलिस लाइन मैदान में आयोजित 77वें गणतंत्र दिवस समारोह में बतौर मुख्य अतिथि संबोधित कर रहे थे। इससे पहले सांसद नवीन जिंदल ने शहीद स्मारक पर पुष्प अर्पित कर देश की आजादी के लिए प्राण न्योछावर करने वाले अमर शहीदों को भावभीनी श्रद्धांजलि दी। इसके पश्चात, उन्होंने पुलिस लाइन मैदान में राष्ट्रीय ध्वज फहराया और परेड की सलामी ली।
सांसद नवीन जिंदल ने कहा कि स्वतंत्रता के बाद से ही भारत दुनिया में एक बड़ी ताकत के तौर पर अपनी पहचान बनाने में कामयाब रहा है। इसका श्रेय हमारे उन राजनेताओं, कर्मठ किसान-मजदूरों, कारीगरों तथा वैज्ञानिकों को जाता है। आज प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी व मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में देश व प्रदेश चहुँमुखी प्रगति कर रहा है। देश ने मिसाइल ही नहीं बनाई, बल्कि चन्द्रयान, सूर्ययान और मंगलयान जैसे मिशन भी सफलतापूर्वक संचालित किए हैं। भारत चन्द्रमा के दक्षिणी धुव्र पर चंद्रयान 3 उतारने वाला दुनिया का पहला देश बन गया है।
उन्होंने कहा कि हम दुनिया में चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन चुके हैं। अब तेजी से तीसरे नंबर पर आने के लिए अग्रसर हैं। देश की प्रगति के इस सफर में हरियाणा का भी महत्वपूर्ण योगदान है। स्वतन्त्रता आन्दोलन में अग्रणी भूमिका निभाने वाले हरियाणा वासियों की याद में अंबाला में स्वतंत्रता संग्राम स्मारक बनकर तैयार हो गया है। इसके साथ ही शिक्षा, स्वास्थ्य एवं खेलों में भी हमने नई ऊंचाइयों को छुआ है। हमारी कितनी ही नीतियों और योजनाओं का देश के दूसरे राज्य अनुसरण कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि प्रदेश की प्रगति पर चर्चा करते हुए कहा कि आज भारतीय सेना का हर दसवां जवान हरियाणा से है। सरकार ने शहीदों के सम्मान में अग्निवीरों और शहीद जवानों के परिजनों के लिए अनुग्रह राशि बढ़ाकर एक करोड़ रुपये कर दी है। अग्निवीरों के लिए सीधी भर्ती में 10 प्रतिशत आरक्षण का प्रावधान किया गया है। इसके अलावा 1984 के दंगा पीड़ितों के आश्रितों को सरकारी नौकरियां देने की प्रक्रिया शुरू की गई हैं। अब तक शहीदों के 418 आश्रितों को अनुकम्पा के आधार पर नौकरियां भी प्रदान की गई है।
जिंदल ने कहा कि वर्तमान सरकार ने प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के सबका साथ-सबका विकास और हरियाणा एक हरियाणवी एक के मूलमंत्र पर चलते हुए समस्त हरियाणा और प्रत्येक हरियाणवी की तरक्की और उत्थान की दिशा में निरंतर कार्य किया है।
उन्होंने प्रमुख उपलब्धियों को साझा किया और कहा कि गरीब कल्याण हैप्पी योजना के तहत गरीब परिवारों को रोडवेज बसों में 1000 किलोमीटर की निशुल्क यात्रा दी जा रही है। वहीं स्वास्थ्य की बात करें तो 70 वर्ष से अधिक उम्र के बुजुर्गों को 5 लाख रुपये तक का स्वास्थ्य लाभ दिया जा रहा है। इसी प्रकार किसान कल्याण के लिए सरकार द्वारा अनेकों योजनाएं चलाई गई।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी व मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में सरकार महिला सशक्तिकरण की ओर से मजबूती से कदम बढ़ा रही है। महिलाओं को पंचायती राज में 50 प्रतिशत प्रतिनिधित्व और हर घर-हर गृहिणी योजना के तहत 500 रुपये में गैस सिलेंडर उपलब्ध कराया जा रहा है। सांसद खेल महोत्सव के माध्यम से खिलाड़ियों को एक अच्छा मंच प्रदान किया। जिसमें एक लाख से अधिक खिलाड़ियों ने भाग लिया और विजेताओं को दो करोड़ से अधिक की राशि के नकद पुरस्कार दिए गए। कैथल व कुरुक्षेत्र संसदीय क्षेत्र में स्वास्थ्य सेवाओं के लिए तीन मोबाइल मेडिकल युनिट संचालित की जा रही हैं। उन्होंने कहा कि कौशल प्रशिक्षण से जोड़ने के लिए कुरुक्षेत्र में 50 करोड़ की लागत से दो इंटरनेशनल स्किल सेंटर शुरू किए हैं। इसके साथ ही आरकेएसडी कॉलेज में इंटरनेशनल स्किल सेंटर भी शुरू होने जा रहा है। जल्द ही पीएम सेतु योजना के तहत कौशल प्रशिक्षण के लिए 250 करोड़ रुपये खर्च किए जाने की योजना भी बनाई जा रही है।
उन्होंने कहा कि हर गरीब के सिर पर छत मुहैया करवाने के लिए प्रधानमंत्री आवास ग्रामीण तथा शहरी योजना तहत 98,860 मकान दिए हैं, जबकि 49,670 मकान निर्माणाधीन हैं। मुख्यमंत्री आवास योजना शहरी के तहत 14 शहरों में 15,256 गरीब परिवारों को एक-एक मरला के प्लाट दिए जा चुके हैं तथा 16 शहरों में 15,251 प्लाटों की बुकिंग प्रक्रिया पूर्ण की जा चुकी है तथा शीघ्र लाभार्थियों को प्लाट ड्रॉ के माध्यम से दिए जाएंगे। मुख्यमंत्री आवास योजना ग्रामीण के तहत दो चरणों में 50-100 वर्ग गज के 12,031 प्लाट दिए गए हैं।
उन्होंने कहा कि सरकार ने कृषि, उद्योग, व्यापार, रोजगार, शिक्षा, स्वास्थ्य सहित हर क्षेत्र में ई-गवर्नेंस के माध्यम से क्रांतिकारी बदलाव किए हैं। आज हरियाणा देश-विदेश के निवेशकों की पहली पसंद बन कर उभरा है। सांसद ने कहा कि खेतों में पराली जलाने की समस्या से निपटने के लिए कैथल, कुरुक्षेत्र व फतेहाबाद में बायोगैस परियोजनाएं स्थापित की हैं, जिनसे 49.8 मेगावाट बिजली उत्पन्न हो रही है। कृषि भूमि पट्टा एक्ट लागू करके पट्टेदार किसानों और भू मालिकों के बीच विश्वास बहाल किया है।
उन्होंने कहा कि बहन बेटियों को उच्चतर शिक्षा की सुविधा प्रदान करने के लिए सरकार ने 20 किलोमीटर के दायरे में एक कॉलेज स्थापित किया है। प्रदेश में अब तक 81 नए कॉलेज खोले गए हैं। इनमें से 31 केवल लड़कियों के लिए हैं। महिलाओं के लिए लाडो लक्ष्मी योजना क्रियान्वित की गई है। अब तक तीन किस्तों में 8.63 लाख से अधिक महिलाओं के खाते में 441 करोड़ रुपये की राशि भेजी गई है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में विकसित भारत गारंटी रोजगार आजीविका मिशन ग्रामीण योजना को नए रूप में क्रियान्वित किया गया है। अब ग्रामीणों को 100 दिन के बजाय 125 दिन का रोजगार मिलेगा। उन्होंने कहा कि बिजली विकास की धुरी है। म्हारा गांव जगमग गांव योजना के तहत प्रदेश के 6019 गांवों में 24 घंटे बिजली आपूर्ति सुनिश्चित की जा रही है। पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के तहत लक्ष्य के अनुरूप अब तक 50 हजार 563 सोलर सिस्टम लगाए जा चुके है।
जिलास्तरीय गणतंत्र दिवस समारोह में मुख्य अतिथि सांसद नवीन जिंदल के साथ समाज सेवी सरदार जगविंद्र सिंह विर्क, भाजपा जिला अध्यक्ष ज्योति सैनी, पूर्व विधायक लीला राम, नगर परिषद चेयरपर्सन सुरभि गर्ग, पूंडरी नगर पालिका चेयरपर्सन प्रतिनिधि राकेश गोस्वामी, प्रवीण प्रजापति, मनीष शर्मा, सीमा, प्रदीप बदनारा, जिला संघ चालक श्याम बंसल,जिला पार्षद कमलेश, शैली मुंजाल, अवधेश किशोर, आयुष गर्ग, नरेश मित्तल, अजीत चहल, संदीप कुमार, राव सुरेंद्र सिंह, जयदीप राणा, धीरेंद्र क्योड़क, शमशेर सैनी, अशोक मित्तल सहित प्रशासन की ओर से जिला उपायुक्त अपराजिता, एसपी उपासना, आईएएस बलप्रीत सिंह, एडीसी डा. सुशील कुमार, डीएमसी कपिल शर्मा, सीईओ जिला परिषद सुरेश राविश, एमडी शुगर मिल कृष्ण कुमार, सीटीएम गुरविंद्र सिंह सहित उपायुक्त अपराजिता के परिजनों में उनके पिता सी. राम बाबू, सास सुचिता शुक्ला, पति वरुण शुक्ला, ननद श्रद्घा सहित उनकी बेटी अनाहिता, बेटा अन्मय सहित अनेकों गणमान्य व्यक्ति मौजूद थे।
देशभक्ति एवं हरियाणवी संस्कृति से ओत-प्रोत रहे सांस्कृतिक कार्यक्रम
सबसे पहले राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय जाखौली अड्डा, राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय गीता भवन व राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय जाखौली अड्डा की छात्राओं ने शानदार हरियाणा गीत की प्रस्तुति दी। इसके बाद राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय (जाखौली अड्डा) तथा राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय गीता भवन की छात्राओं ने लोक गीतों पर नृत्य कर हरियाणा की समृद्ध विरासत पेश की। इसके बाद दर्शन अकादमी के बच्चों ने देशभक्ति व हरियाणवी संस्कृति पर आधारित समूह नृत्य पेश किया। जिसे खूब तालियां मिलीं। इसके बाद जहां सुपार्श्व जैन पब्लिक स्कूल के बच्चों ने कोरियोग्राफी के जरिए सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का प्रभावी चित्रण किया, वहीं हिंदू स्कूल की छात्राओं ने पंजाब की संस्कृति पर आधारित पंजाबी गिद्दा की शानदार प्रस्तुति से समां बांध दिया। जबकि आरकेएसडी स्कूल के विद्यार्थियों ने विभिन्न प्रदेशों की संस्कृति की झलक प्रस्तुत कर विविधता में एकता का संदेश दिया। इसी प्रकार आरकेएसडी स्कूल के छात्रों ने राष्ट्रगान प्रस्तुति दी। इनके साथ होली पथ स्कूल के मूक-बधिर बच्चों द्वारा सांकेतिक भाषा में राष्ट्रगान की प्रस्तुति ने दर्शकों को भावविभोर कर दिया।
हर बच्चे को दी पांच सौ रुपये की राशि
सांसद नवीन जिंदल ने गणतंत्र दिवस समारोह में परेड, पीटी एवं डंबल शो, सांस्कृतिक कार्यक्रमों सहित किसी भी तरह से भाग लेने वाले सभी बच्चों को पांच सौ रुपये की राशि उनके खाते के माध्यम से भेजने का ऐलान किया। साथ ही उन्होंने उन सभी स्कूलों में मंगलवार को अवकाश की घोषणा की, जिनके बच्चों ने गणतंत्र दिवस समारोह में भाग लिया। बच्चों सहित सभी ने सांसद की इस घोषणा का स्वागत किया। बच्चों को दी जाने वाली यह कुल राशि करीब 13 लाख रुपये से अधिक रहेगी। सांसद ने बच्चों का हौसला बढ़ाते हुए कहा कि सभी बच्चों ने सांस्कृतिक कार्यक्रमों में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।
आरकेएसडी स्कूल की प्रस्तुति रही प्रथम स्थान पर
कैथल। गणतंत्र दिवस समारोह में विभिन्न स्कूलों की सांस्कृतिक प्रस्तुतियों में आरकेएसडी स्कूल की प्रस्तुति प्रथम स्थान पर रही। वहीं सुपार्श्व जैन स्कूल की प्रस्तुति द्वितीय व दर्शन अकादमी स्कूल की टीम की प्रस्तुति तृतीय स्थान पर रही। मार्च पास्ट में जिला महिला पुलिस की टुकड़ी प्रथम, जिला पुलिस कैथल की टुकड़ी द्वितीय व जिला होमगार्ड की टुकड़ी तृतीय स्थान पर रही। झांकियों में सहकारी चीनी मिल की झांकी प्रथम, शिक्षा विभाग की झांकी ने द्वितीय व राज्य परिवहन विभाग की झांकी ने तृतीय स्थान हासिल किया। इसके अलावा पुलिस, डीआरडीए, आईटीआई, स्वास्थ्य विभाग, वन विभाग, जन स्वास्थ्य विभाग, पंचायत विभाग, सहकारी चीनी मिल, कृषि विभाग, राज्य परिवहन विभाग, डीआईटीएस, आयुष, खेल, बिजली, शिक्षा, रेडक्रॉस, रोजगार, महिला एवं बाल विकास विभाग की झांकियों में एक से बढ़कर एक संदेश दिया गया। सभी विभागों ने झांकियों के माध्यम से अपने-अपने विभाग द्वारा संचालित योजनाओं की जानकारी दी।
अपने अपने क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वालों को मिला सम्मान
जिला स्तरीय गणतंत्र दिवस समारोह में ये हुए सम्मानित
कैथल। गणतंत्र दिवस समारोह में विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले गणमान्य लोगों को सम्मानित किया गया। जिसमें मुख्य अतिथि सांसद नवीन जिंदल ने जिला स्तर पर बाल उपवन आश्रम से समाज सेवा के क्षेत्र में नरेश कुमार, जिला शिक्षा विभाग से अधीक्षक सुरेश कौशिक, राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय बुढाखेड़ा से प्रधानाचार्य अश्वनी कुमार, खेल विभाग खिलाड़ी निष्ठा, एसपी कार्यालय से एएसआई राजेश कुमार व महिला सिपाही मीना देवी व एएसआई बलजीत सिंह, डीसी कार्यालय से विक्रांत गौतम, तहसीलदार कार्यालय से पटवारी राजेश कुमार, प्राथमिक पाठशाला तारांवाली से शिक्षक गुरदीप सिंह, कोषाधिकारी कार्यालय से सहायक पवन कुमार, पीडब्ल्यूडी से संदीप कुमार, बिजली निगम से जूनियर सिस्टम इंजीनियर अंजू, नगर परिषद से लखविंदर सिंह, जिला कल्याण अधिकारी सीमा, जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय से मुकेश, जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी कार्यालय से निर्मल सिंह, किसान शीशपाल, उप सिविल सर्जन संदीप बातिश और आईटीआई से ड्रैस मैकिंग अनुदेशिका प्रेरणा को उत्कृष्ट कार्याें के लिए सम्मानित किया गया।
|
|
|
|
![]() |
![]() |
| ||






