CG News: ऑनलाइन ट्रेडिंग में मुनाफे का झांसा देकर 36.70 लाख की धोखाधड़ी, आरोपी गिरफ्तार

छत्तीसगढ़ October 2, 2026 • रिपोर्टर: raigarh top news
CG News: ऑनलाइन ट्रेडिंग में मुनाफे का झांसा देकर 36.70 लाख की धोखाधड़ी, आरोपी गिरफ्तार

CG News: ऑनलाइन ट्रेडिंग में मुनाफे का झांसा देकर 36.70 लाख की धोखाधड़ी, आरोपी गिरफ्तार

 

राजनांदगांव। ऑनलाइन ट्रेडिंग में निवेश कर अधिक मुनाफा दिलाने का झांसा देकर दो महिलाओं से कुल 36 लाख 70 हजार रुपये की धोखाधड़ी करने के मामले में डोंगरगढ़ पुलिस ने आरोपी कैलाश सेठी (37) को गिरफ्तार किया है। आरोपी पर “प्योर ट्रेडिंग” नामक कंपनी में निवेश के नाम पर रकम लेने और राशि वापस नहीं करने का आरोप है।

पुलिस के अनुसार, दोनों मामलों में आरोपी ने प्रार्थियाओं से कुल 82 लाख 50 हजार रुपये प्राप्त किए थे। इनमें से करीब 45 लाख 80 हजार रुपये वापस किए गए, जबकि 36 लाख 70 हजार रुपये वापस नहीं किए गए।

पहले मामले में 8.50 लाख रुपये की धोखाधड़ी

अपराध क्रमांक 413/2026 में प्रार्थिया प्रतिमा पाल (45), निवासी वार्ड क्रमांक 21, रेस्ट हाउस डोंगरगढ़ ने शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के अनुसार आरोपी ने “प्योर ट्रेडिंग” कंपनी में पैसा लगाने पर अच्छा मुनाफा होने का भरोसा दिलाया।

आरोपी ने 30 मई 2023 से 4 मई 2025 के बीच ऑनलाइन और नगद माध्यम से प्रार्थिया से कुल 27.50 लाख रुपये लिए। इसमें से करीब 19 लाख रुपये वापस किए गए, लेकिन 8.50 लाख रुपये वापस नहीं किए गए। बार-बार मांगने के बावजूद राशि नहीं लौटाने पर थाना डोंगरगढ़ में मामला दर्ज किया गया।

दूसरे मामले में 28.20 लाख रुपये नहीं लौटाए

अपराध क्रमांक 414/2026 में प्रार्थिया नमिता चौबे (42), निवासी न्यू सब्जी मंडी, डोंगरगढ़ ने शिकायत दर्ज कराई। आरोप है कि आरोपी ने ट्रेडिंग में निवेश के नाम पर 7 फरवरी 2023 से 7 मई 2025 के बीच उनसे कुल 55 लाख रुपये प्राप्त किए।

इसमें से करीब 26.80 लाख रुपये वापस किए गए, जबकि 28.20 लाख रुपये वापस नहीं किए गए। लगातार राशि मांगने के बावजूद रकम नहीं लौटाने पर पुलिस ने अपराध दर्ज कर जांच शुरू की।

जांच के बाद आरोपी गिरफ्तार

दोनों मामलों में थाना डोंगरगढ़ में अपराध क्रमांक 413/2026 और 414/2026, धारा 318(4), 238 बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया।

पुलिस अधीक्षक राजनांदगांव अंकिता शर्मा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कीर्तन राठौर के मार्गदर्शन और एसडीओपी डोंगरगढ़ केशरी नंदन नायक के पर्यवेक्षण में थाना प्रभारी प्रशिक्षु उप पुलिस अधीक्षक सुमन जायसवाल ने मामले की विवेचना की।

विवेचना के दौरान आरोपी कैलाश सेठी, पिता बिगनेश्वर सेठी, निवासी दुर्ग को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पुलिस के अनुसार, जांच में धोखाधड़ी से संबंधित पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद आरोपी को 30 सितंबर 2026 को गिरफ्तार किया गया। उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहां से न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

इस कार्रवाई में सउनि धन्ना सिन्हा, आरक्षक अरुण मनहर, आरक्षक तिलक कंवर और महिला आरक्षक सुषमा मराठे की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

खबर शेयर करें: