बलरामपुर में 22 हजार रिश्वत लेते नान के DM गिरफ्तार, ट्रांसपोर्टर से 11 लाख के बकाया भुगतान के लिए मांगी थी घूस, ACB की कार्रवाई
बलरामपुर में 22 हजार रिश्वत लेते नान के DM गिरफ्तार, ट्रांसपोर्टर से 11 लाख के बकाया भुगतान के लिए मांगी थी घूस, ACB की कार्रवाई
बलरामपुर। कलेक्ट्रेट परिसर स्थित कम्पोजिट बिल्डिंग में एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) की टीम ने कार्रवाई करते हुए नागरिक आपूर्ति निगम के जिला प्रबंधक विद्या सागर गोपाल को 22 हजार रुपए की रिश्वत लेते गिरफ्तार किया है। अंबिकापुर से पहुंची ACB की टीम ने ट्रांसपोर्टर की शिकायत के आधार पर यह कार्रवाई की।
11 लाख के बिल पर 2 प्रतिशत कमीशन का आरोप
ACB अधिकारियों के अनुसार अंबिकापुर निवासी ट्रांसपोर्टर शिवराज सिंह ने जिला प्रबंधक के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में आरोप लगाया गया कि करीब 11 लाख रुपए के ट्रांसपोर्टिंग बिल को पास करने के एवज में 2 प्रतिशत कमीशन की मांग की जा रही है। शिकायत मिलने के बाद ACB ने आरोपों का सत्यापन कराया। शिकायत सही पाए जाने के बाद टीम ने रिश्वत की रकम लेते हुए अधिकारी को पकड़ने के लिए ट्रैप की कार्रवाई की।
22 हजार रुपए लेते पकड़ा
ACB टीआई शरद सिंह के नेतृत्व में टीम ने कलेक्ट्रेट की कम्पोजिट बिल्डिंग में कार्रवाई की। बताया जा रहा है कि जिला प्रबंधक 11 लाख रुपए के ट्रांसपोर्टिंग बिल के बदले तय 2 प्रतिशत कमीशन की रकम यानी 22 हजार रुपए ले रहे थे। इसी दौरान ACB टीम ने उन्हें पकड़ लिया।
ट्रांसपोर्टर की शिकायत पर हुई कार्रवाई
ACB के मुताबिक ट्रांसपोर्टर की शिकायत के बाद पहले रिश्वत मांगने के आरोपों का सत्यापन किया गया। पुष्टि होने के बाद ट्रैप की कार्रवाई की गई। अधिकारी को गिरफ्तार कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। ACB टीम रिश्वत से जुड़े पूरे मामले और दस्तावेजों की भी जांच कर रही है।