Raigarh News: पुसौर सीएचसी में मरीजों को मिली बड़ी राहत, 16 की हुई सफल सर्जरी, विशेष शिविर में जरूरतमंद मरीजों को अपने क्षेत्र में ही मिली उपचार की सुविधा
Raigarh News: पुसौर सीएचसी में मरीजों को मिली बड़ी राहत, 16 की हुई सफल सर्जरी, विशेष शिविर में जरूरतमंद मरीजों को अपने क्षेत्र में ही मिली उपचार की सुविधा
रायगढ़, 29 सितम्बर 2026/ सेवा संकल्प अभियान के तहत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पुसौर में आयोजित विशेष स्वास्थ्य शिविर में एक ही दिन में 16 मरीजों की सर्जरी सफलता पूर्वक की गई। पुसौर स्वास्थ्य केंद्र में एक दिन में इतनी संख्या में सर्जरी पहली बार हुई है। वित्त मंत्री एवं रायगढ़ विधायक ओ.पी.चौधरी की मंशा और कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी के मार्गदर्शन में आयोजित इस शिविर से क्षेत्र के जरूरतमंद मरीजों को अपने क्षेत्र में ही उपचार की सुविधा मिली।
इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अनिल जगत, जिला कार्यक्रम प्रबंधक श्रीमती रंजना पैकरा, डॉ.दिनेश नायक सहित स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे। अधिकारियों ने शिविर की व्यवस्थाओं का जायजा लेने के साथ मरीजों के उपचार और उन्हें उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं की जानकारी ली। शिविर में हाइड्रोसील से पीड़ित 16 मरीजों की सर्जरी की गई। मरीजों की आवश्यक जांच और चिकित्सकीय प्रक्रिया पूरी करने के बाद ऑपरेशन किए गए। वरिष्ठ सर्जन डॉ.डी.एस.पैकरा एवं स्वास्थ्य विभाग की टीम के समन्वय से सभी सर्जरी सफलतापूर्वक संपन्न हुईं। मरीजों और उनके परिजनों ने समय पर उपचार उपलब्ध कराने के लिए चिकित्सकों एवं स्वास्थ्य विभाग की टीम के प्रति आभार व्यक्त किया।