CG: बारिश के बीच घर के आंगन में हादसा, करंट लगने से बेटे की मौत, माता-पिता भी झुलसे
CG: बारिश के बीच घर के आंगन में हादसा, करंट लगने से बेटे की मौत, माता-पिता भी झुलसे
गौरेला पेंड्रा मरवाही। पेंड्रा क्षेत्र के दूरस्थ ग्राम खरड़ी में रविवार शाम बारिश के दौरान दर्दनाक हादसा हो गया। घर के आंगन में गीले कपड़े सुखाने के दौरान करंट प्रवाहित तार की चपेट में आने से एक ही परिवार के तीन लोग झुलस गए। हादसे में 16 वर्षीय किशोर किशन की मौत हो गई, जबकि उसके पिता विकेश सिंह बेहोश हो गए। मां रहमत बाई भी करंट के झटके से दूर जा गिरीं। घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है।
जानकारी के अनुसार, रविवार शाम पेंड्रा क्षेत्र में तेज बारिश हो रही थी। ग्राम खरड़ी निवासी विकेश सिंह पडरिया स्थित खेत से काम कर घर लौटे थे। बारिश के कारण उनके कपड़े भीग गए थे। घर पहुंचने के बाद उन्होंने आंगन में कपड़े सुखाने के लिए लगाए गए तार पर गीला कपड़ा डालने का प्रयास किया। इसी दौरान तार में प्रवाहित करंट की चपेट में आने से विकेश को जोरदार बिजली का झटका लगा और वह बेहोश होकर गिर पड़े।
पति को आंगन में गिरा देखकर रहमत बाई उन्हें बचाने पहुंचीं। उन्होंने जैसे ही विकेश को पकड़ने का प्रयास किया, वह भी करंट की चपेट में आ गईं और बिजली के तेज झटके से दूर जा गिरीं। इसी दौरान उनका 16 वर्षीय बेटा किशन माता-पिता को अचेत अवस्था में देखकर मदद के लिए पहुंचा। वह भी करंट प्रवाहित तार के संपर्क में आ गया। करंट लगने से किशन की मौके पर ही मौत हो गई।
बाद में रहमत बाई को होश आया। आसपास के ग्रामीणों की मदद से लकड़ी के सहारे करंट प्रवाहित तार को हटाया गया। इसके बाद तीनों को जिला अस्पताल पहुंचाया गया। चिकित्सकों ने जांच के बाद किशन को मृत घोषित कर दिया। उपचार के बाद विकेश को होश आ गया।
सूचना मिलने पर पुलिस ने किशन के शव का पंचनामा और पोस्टमार्टम कराया। आवश्यक कार्रवाई के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है। हादसे के बाद खरड़ी गांव में 16 वर्षीय किशन की मौत से परिवार में मातम पसरा हुआ है।