CG News: मंत्रालय में नौकरी के नाम पर ठगी, आरोपियों ने जॉब के नाम ऐंठे 9.08 लाख रुपये, महिला समेत दो गिरफ्तार
CG News: मंत्रालय में नौकरी के नाम पर ठगी, आरोपियों ने जॉब के नाम ऐंठे 9.08 लाख रुपये, महिला समेत दो गिरफ्तार
कुरुद। मंत्रालय में नौकरी दिलाने और छत्तीसगढ़ गृह निर्माण मंडल का पारिजात भवन आवंटित कराने का झांसा देकर लाखों रुपये की ठगी करने के मामले में सिटी कोतवाली पुलिस ने महिला समेत दो लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक आरोपियों ने अलग-अलग माध्यमों से पीड़ित से कुल 9 लाख 8 हजार रुपये हासिल किए थे। दोनों को 20 सितंबर को गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया गया, जहां से न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
मंत्रालय में नौकरी और मकान दिलाने का दावा
पुलिस के अनुसार गुरूर थाना क्षेत्र के भानपुरी निवासी मनीष साहू की फरवरी 2024 में रुद्री रोड स्थित एक होटल में शशि प्रभा साहू और अमित कुमार देवांगन से मुलाकात हुई थी। दोनों ने खुद को मंत्रालय में कार्यरत बताते हुए गृह निर्माण मंडल से पारिजात भवन दिलाने की बात कही। आरोपियों ने भरोसा कायम करने के लिए मनीष को महानदी भवन के बाहर भी ले जाकर मंत्रालय में अपनी पहुंच होने का विश्वास दिलाया। इसके बाद पारिजात भवन की कीमत 14 लाख 12 हजार रुपये बताते हुए उससे रकम लेना शुरू किया गया।
बैंक, UPI और नकद से वसूली रकम
पुलिस के मुताबिक आरोपियों ने अलग-अलग बैंक खातों के अलावा फोन-पे, गूगल-पे और नकद के जरिए किश्तों में कुल 9.08 लाख रुपये लिए। इसके साथ ही बैंक ऑफ बड़ौदा और भारतीय स्टेट बैंक के दो खाली हस्ताक्षरित चेक भी लिए गए। बाद में जब पीड़ित को शक हुआ और उसने अपनी रकम वापस मांगी तो आरोपियों ने 2 लाख 98 हजार 999 रुपये लौटा दिए। हालांकि बाकी रकम वापस नहीं की गई, जिसके बाद पीड़ित ने पुलिस से शिकायत की।इतिहास
तकनीकी जांच के बाद दोनों तक पहुंची पुलिस
शिकायत मिलने पर सिटी कोतवाली पुलिस ने अपराध क्रमांक 185/2026 दर्ज करते हुए बीएनएस की धारा 318(4) और 3(5) के तहत जांच शुरू की। पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और अन्य माध्यमों से मिली जानकारी के आधार पर दोनों आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ के बाद पुलिस ने 20 सितंबर को शशि प्रभा साहू और अमित कुमार देवांगन को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से दोनों को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।