Raigarh: कार्यालयों में दस्तावेजों के सुव्यवस्थित रख-रखाव और सफाई व्यवस्था पर जोर, सहायक कलेक्टर ने जिला कलेक्टोरेट की विभिन्न शाखाओं एवं कार्यालयों का किया निरीक्षण
Raigarh: कार्यालयों में दस्तावेजों के सुव्यवस्थित रख-रखाव और सफाई व्यवस्था पर जोर, सहायक कलेक्टर ने जिला कलेक्टोरेट की विभिन्न शाखाओं एवं कार्यालयों का किया निरीक्षण
रायगढ़, 17 सितम्बर 2026/ कार्यालयीन व्यवस्थाओं को अधिक सुव्यवस्थित, स्वच्छ एवं आमजन के लिए सुविधाजनक बनाने के उद्देश्य से कलेक्टर श्री मयंक चतुर्वेदी के निर्देशानुसार सहायक कलेक्टर गोकुल आर.के. ने जिला कलेक्टोरेट स्थित विभिन्न कार्यालयों एवं शाखाओं का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने कार्यालयों में दस्तावेजों के व्यवस्थित रख-रखाव, फाइलों के सुरक्षित संधारण, बैठक व्यवस्था, रैक एवं अलमारियों की व्यवस्था तथा साफ-सफाई का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान सहायक कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को कार्यालयों में दस्तावेजों को निर्धारित तरीके से सुरक्षित एवं आसानी से उपलब्ध होने योग्य रखने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि कार्यालयों की कार्यप्रणाली ऐसी होनी चाहिए, जिससे अधिकारियों-कर्मचारियों को कार्य संपादन में सुविधा के साथ-साथ आम नागरिकों को भी अपनी आवश्यकताओं से संबंधित सेवाएं प्राप्त करने में किसी प्रकार की असुविधा न हो। उन्होंने कार्यालयीन व्यवस्थाओं को आईएसओ प्रमाणीकरण के अनुरूप विकसित करने पर जोर देते हुए कहा कि स्वच्छ, सुव्यवस्थित और नागरिक-अनुकूल कार्यालय प्रशासन की कार्यक्षमता को बेहतर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। दस्तावेजों के उचित संधारण, रिकॉर्ड प्रबंधन और कार्यालय परिसर की स्वच्छता पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए गए। इस अवसर पर अपर कलेक्टर श्री रवि राही एवं श्रीमती प्रियंका वर्मा सहित संबंधित अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।