Raigarh: बिलासपुर की शिव शक्ति कला संस्था ने कथक की मनमोहक प्रस्तुति से बांधा समां

रायगढ़ September 17, 2026 रिपोर्टर: raigarh top news
Raigarh: बिलासपुर की शिव शक्ति कला संस्था ने कथक की मनमोहक प्रस्तुति से बांधा समां

Raigarh: बिलासपुर की शिव शक्ति कला संस्था ने कथक की मनमोहक प्रस्तुति से बांधा समां

 

रायगढ़, 17 सितम्बर 2026/ 41वें अंतर्राष्ट्रीय ख्याति प्राप्त चक्रधर समारोह-2026 के चौथे दिन बिलासपुर की शिव शक्ति कला संस्था ने कथक की मनमोहक प्रस्तुति से सांस्कृतिक संध्या को खास बना दिया। गुरु राधिका पाखी के निर्देशन में कलाकारों ने कथक की शास्त्रीय परंपरा, भाव और लय का सुंदर प्रदर्शन किया।

कार्यक्रम की शुरुआत ईश्वरी पताड़े ने गणेश वंदना से की। इसके बाद उद्भव ठक्कर ने कृष्ण वंदना प्रस्तुत कर भगवान श्रीकृष्ण के दिव्य स्वरूप और माधुर्य को भावपूर्ण ढंग से प्रस्तुत किया। ईश्वरी पताड़े और उद्भव ठक्कर ने इसके बाद साथ मिलकर तराना प्रस्तुत किया, जिसमें कथक की लय, गति और पद संचालन का सुंदर समन्वय देखने को मिला। इसके बाद संस्था की निदेशक एवं गुरु राधिका पाखी ने अपनी कथक प्रस्तुति दी। उनकी प्रस्तुति में भाव, लय और ताल का सुंदर मेल नजर आया। कलाकारों की प्रस्तुतियों को दर्शकों ने तालियों की गड़गड़ाहट के साथ सराहा।

वर्ष 2019 में स्थापित शिव शक्ति कला संस्था भारतीय शास्त्रीय नृत्य, संगीत एवं कला के क्षेत्र में निरंतर कार्य कर रही है। संस्था का उद्देश्य भारतीय कला एवं संस्कृति की समृद्ध परंपरा को आगे बढ़ाने के साथ नई प्रतिभाओं को प्रशिक्षण और मंच प्रदान करना है।

खबर शेयर करें: