Raigarh News: बस-ट्रक की टक्कर में 14 यात्री घायल, नारायणपुर से आ रही थी द्विवेदी बस, अगला हिस्सा क्षतिग्रस्त, मची अफरा-तफरी
Raigarh News: बस-ट्रक की टक्कर में 14 यात्री घायल, नारायणपुर से आ रही थी द्विवेदी बस, अगला हिस्सा क्षतिग्रस्त, मची अफरा-तफरी
रायगढ़, 02 सितंबर 2026 । रायगढ़ जिले में बुधवार सुबह बस और ट्रक की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसे में बस में सवार करीब 14 यात्री घायल हो गए। सभी को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। घायलों को मामूली चोटें आने के कारण शुरुआती इलाज के बाद छुट्टी दे दी गई। घटना धरमजयगढ़ के रैरूमाखुर्द चौकी क्षेत्र की है।
जानकारी के मुताबिक, नारायणपुर से रायगढ़ चलने वाली द्विवेदी यात्री बस बुधवार सुबह निर्धारित समय पर नारायणपुर बस स्टैंड से रवाना हुई थी। बस में कई यात्री सवार थे। तेजपुर के पास पहुंचते ही सामने से आ रहे ट्रक से बस की जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी तेज थी कि बस का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे के बाद बस में अफरा-तफरी मच गई।
14 यात्री घायल, दो अस्पतालों में कराया गया भर्ती
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल भिजवाया। इनमें 6 घायलों को पत्थलगांव सिविल अस्पताल और 8 को धरमजयगढ़ अस्पताल ले जाया गया।
हादसे की जानकारी मिलने पर धरमजयगढ़ एसडीओपी सिद्धांत तिवारी भी अस्पताल पहुंचे और घायलों का हाल जाना। बताया गया कि सभी घायलों को मामूली चोटें आई थीं। प्राथमिक इलाज के बाद उन्हें अस्पताल से छुट्टी दे दी गई।
पुलिस कर रही हादसे की जांच
एसडीओपी सिद्धांत तिवारी ने बताया कि हादसा बुधवार सुबह हुआ। सूचना मिलते ही घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया। फिलहाल सभी की स्थिति सामान्य है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।