CG News: ब्लड सैंपल हाथ में लेकर नर्सों ने बनाई Reel,  वीडियो वायरल हुआ तो गई नौकरी, दुर्ग जिला अस्पताल में 3 टेक्नीशियनों पर कार्रवाई

छत्तीसगढ़ September 2, 2026 रिपोर्टर: raigarh top news
CG News: ब्लड सैंपल हाथ में लेकर नर्सों ने बनाई Reel,  वीडियो वायरल हुआ तो गई नौकरी, दुर्ग जिला अस्पताल में 3 टेक्नीशियनों पर कार्रवाई

CG News: ब्लड सैंपल हाथ में लेकर नर्सों ने बनाई Reel,  वीडियो वायरल हुआ तो गई नौकरी, दुर्ग जिला अस्पताल में 3 टेक्नीशियनों पर कार्रवाई

दुर्ग। सरकारी अस्पताल की लैब में मरीजों की जांच और जरूरी स्वास्थ्य सेवाओं के बीच सोशल मीडिया रील बनाना तीन महिला टेक्नीशियनों को भारी पड़ गया। दुर्ग जिला अस्पताल की अटल आरोग्य लैब में ब्लड सैंपल और लैब उपकरणों के साथ बनाई गई रील सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप मच गया। मामले को गंभीरता से लेते हुए HLL लाइफकेयर लिमिटेड ने वीडियो में नजर आ रही तीनों महिला टेक्नीशियनों को सेवा से बर्खास्त कर दिया है।

 

सोशल मीडिया पर वायरल हुआ तो 3 टेक्नीशियनों की चली गई नौकरी
मिली जानकारी के अनुसार, तीनों टेक्नीशियनों ने 24 अगस्त को लैब के अंदर रील बनाई थी, जो करीब पांच दिन बाद सोशल मीडिया पर वायरल हो गई। वायरल वीडियो में महिलाएं लैब के अंदर अलग-अलग अंदाज में वीडियो बनाती दिखाई दे रही हैं। एक वीडियो में टेस्ट ट्यूब हाथ में लेकर कैटवॉक करते हुए रील बनाई गई, जबकि दूसरे वीडियो में लैब की चेयर पर बैठकर वीडियो शूट किया गया।

वीडियो वायरल होते ही शुरू हुई कार्रवाई
लैब के अंदर बनाए गए इन वीडियो के सामने आने के बाद मामले को गंभीरता से लिया गया। सिविल सर्जन डॉ. आशीष मिंज ने अटल आरोग्य लैब के प्रभारी जेपी मेश्राम को नोटिस जारी कर जवाब मांगा। इसके बाद लैब प्रभारी ने संबंधित कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई के लिए HLL लाइफकेयर लिमिटेड को पत्र भेजा। मामले की जांच और पत्राचार के बाद HLL लाइफकेयर लिमिटेड ने कार्रवाई करते हुए वीडियो में नजर आ रही तीनों महिला टेक्नीशियनों की सेवाएं समाप्त कर दीं।

जांच व्यवस्था पर भी नजर
स्वास्थ्य विभाग अब इस बात की भी जांच कर रहा है कि जिस दौरान लैब में रील बनाई जा रही थी, उस समय मरीजों की जांच, सैंपल कलेक्शन या लैब की नियमित व्यवस्था पर किसी तरह का असर पड़ा था या नहीं। विभाग इस पहलू को भी गंभीरता से देख रहा है।

सिविल सर्जन ने की बर्खास्तगी की पुष्टि
सिविल सर्जन डॉ. आशीष मिंज ने कार्रवाई की पुष्टि करते हुए बताया कि वीडियो सामने आने के बाद लैब प्रभारी को नोटिस जारी किया गया था। प्रभारी की ओर से HLL लाइफकेयर लिमिटेड को संबंधित स्टाफ के खिलाफ कार्रवाई के लिए पत्र भेजा गया, जिसके बाद कंपनी ने वीडियो में दिखाई दे रहे स्टाफ को सेवा से बर्खास्त कर दिया।

निशुल्क जांच की सुविधा देती है अटल आरोग्य लैब
अटल आरोग्य लैब योजना छत्तीसगढ़ सरकार ने HLL लाइफकेयर लिमिटेड के सहयोग से शुरू की है। इसके तहत लोगों को आधुनिक और उन्नत स्वास्थ्य जांच की सुविधाएं निशुल्क उपलब्ध कराई जाती हैं। ऐसे में लैब के भीतर बनाए गए सोशल मीडिया वीडियो को लेकर विभाग ने सख्त रुख अपनाया है।

HIV रिपोर्ट को लेकर भी चर्चा में रही थी लैब
दुर्ग की अटल आरोग्य लैब इससे पहले HIV जांच रिपोर्ट को लेकर भी विवादों में आ चुकी है। जिला अस्पताल में भर्ती 24 वर्षीय युवक की जांच रिपोर्ट पहले HIV पॉजिटिव आई थी। युवक ने रिपोर्ट पर सवाल उठाए, जिसके बाद दोबारा जांच कराई गई। दूसरी रिपोर्ट निगेटिव आने के बाद अस्पताल प्रबंधन ने मामले को लेकर लैब से जानकारी मांगी थी। अब लैब के भीतर रील बनाने के मामले में तीन टेक्नीशियनों की बर्खास्तगी के बाद एक बार फिर अटल आरोग्य लैब चर्चा में है।

खबर शेयर करें: