CG News: स्कॉर्पियो ने बाइक को मारी टक्कर, 3 भाई-बहनों की मौत,त्योहार की शॉपिंग कर लौट रहे थे तीनों, बाइक के परखच्चे उड़े
CG News: स्कॉर्पियो ने बाइक को मारी टक्कर, 3 भाई-बहनों की मौत,त्योहार की शॉपिंग कर लौट रहे थे तीनों, बाइक के परखच्चे उड़े
राजनांदगांव. छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव जिले में सड़क हादसे में 3 सगे भाई-बहनों की मौत हो गई। मंगलवार को तीनों त्योहार की शॉपिंग करने छुरिया गए थे। शाम को बाइक पर सवार होकर अपने गांव गहिराभेड़ी लौट रहे थे, तभी शिकारीमहका-भोलापुर मार्ग पर सामने से आ रही तेज रफ्तार स्कॉर्पियो से उनकी बाइक को टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक के परखच्चे उड़ गए। स्कॉर्पियो भी सड़क किनारे खेत में पलट गई। स्कॉर्पियो सवार भी घायल हुए हैं। घटनास्थल पर ही 2 लोगों ने दम तोड़ दिया, एक की मौत अस्पताल में इलाज के दौरान हुई। मामला छुरिया थाना क्षेत्र का है। पुलिस के मुताबिक, हादसे की वजह अंधेरा और तेज रफ्तार मानी जा रही है।
तीनों मृतक गहिराभेड़ी के रहने वाले थे
संदीप साहू (19)
भारती साहू (भूपेश्वरी) (23)
टिकेश्वरी साहू (डीकेश्वरी) (25)
शॉपिंग के बाद घर लौट रहे थे तीनों
जानकारी के अनुसार, ग्राम गहिराभेड़ी निवासी संदीप साहू (19) अपनी दो बहनों भारती (भूपेश्वरी) और टिकेश्वरी (डीकेश्वरी) के साथ छुरिया गए थे। त्योहार की खरीदारी करने के बाद तीनों अपने गांव लौट रहे थे। तेज रफ्तार स्कॉर्पियो भोलापुर से छुरिया जा रही थी।
मंगलवार शाम करीब 7 बजे नहर के पास स्कॉर्पियो ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही तीनों उछल कर दूर जा गिरे। हादसे में संदीप और उसकी एक बहन ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। दूसरी बहन टिकेश्वरी गंभीर रूप से घायल थी।
इलाज के दौरान तीसरे ने भी दम तोड़ा
राहगीरों की सूचना पर ‘डायल 112’ की टीम मौके पर पहुंची। टीम ने टिकेश्वरी को तुरंत छुरिया सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। वहां से उसे मेडिकल कॉलेज राजनांदगांव रेफर किया गया, लेकिन इलाज के दौरान टिकेश्वरी ने भी दम तोड़ दिया।
पूरे गांव में शोक का माहौल
इस घटना से ग्राम गहिराभेड़ी में मातम पसर गया है। एक साथ तीन भाई-बहनों की मौत से गांव में शोक का माहौल है। कई घरों में चूल्हा तक नहीं जला। हादसे में स्कॉर्पियो सवार लोगों को भी चोटें आई हैं, जिनमें से एक की हालत गंभीर बनी हुई है।
घटना की खबर मिलते ही छुरिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर मर्ग कायम कर लिया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।