छत्तीसगढ़ पुलिस के आईजी गर्ग, शशिमोहन और श्वेता समेत 12 अधिकारी-कर्मचारियों को राष्ट्रपति पदक, 15 अगस्त को CM साय करेंगे सम्मानित, देखें नाम

रायपुर. 15 अगस्त का दिन छत्तीसगढ़ पुलिस बल के लिए गौरव और सम्मान का अवसर लेकर आ रहा है। स्वतंत्रता दिवस के मौके पर राजधानी रायपुर में आयोजित होने वाले मुख्य समारोह में छत्तीसगढ़ पुलिस के अधिकारियों और कर्मचारियों को राष्ट्रपति पदक से सम्मानित किया जाएगा। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने गणतंत्र दिवस के अवसर पर छत्तीसगढ़ पुलिस के 12 अधिकारियों एवं कर्मचारियों को विशिष्ट सेवा पदक और सराहनीय सेवा पदक प्रदान किए जाने की घोषणा की थी। अब स्वतंत्रता दिवस के मुख्य समारोह में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय इन पदक विजेताओं को सम्मानित करेंगे।
इन अधिकारियों को मिलेगा पदक
विशिष्ट सेवाओं के लिए रामावतार सिंह राजपूत सहायक उप निरीक्षक, रक्षित केंद्र जिला धमतरी को राष्ट्रपति पदक दिया जाएगा। सराहनीय सेवाओं के लिए पदक रामगोपाल गर्ग पुलिस महानिरीक्षक बिलासपुर रेंज, शशिमोहन सिंह वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जिला रायगढ़, श्वेता श्रीवास्तव सिन्हा पुलिस अधीक्षक रायपुर ग्रामीण, राजश्री मिश्रा पुलिस अधीक्षक एटीएस, विशा पुलिस मुख्यालय रायपुर, निवेदिता पाल सेनानी 6वीं वाहिनी छसबले रायगढ़, मनीषा ठाकुर रावटे सेनानी 20वीं वाहिनी छसबल महासमुंद, तारकेश्वर पटेल अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त जिला पुलिस मध्य पुलिस आयुक्त रायपुर नगरीय, उनैजा खातून अंसारी, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विआशा पुलिस मुख्यालय रायपुर, जयलाल मरकाम सहायक सेनानी प्रथम वाहिनी छसबल भिलाई, हजारी लाल साहू, प्लाटून कमांडर, 20वीं वाहिनी छसबल महासमुंद को प्रदान किया जाएगा।
एक अधिकारी को मिलेगा विशिष्ट सेवा पदक
छत्तीसगढ़ पुलिस में लंबे समय तक उत्कृष्ट एवं विशिष्ट सेवाएं देने वाले सहायक उप निरीक्षक रामावतार सिंह राजपूत, रक्षित केंद्र जिला धमतरी को राष्ट्रपति का विशिष्ट सेवा पदक प्रदान किया जाएगा। यह सम्मान पुलिस सेवा के दौरान उनके उल्लेखनीय योगदान और उत्कृष्ट सेवाओं के लिए दिया जा रहा है।
रायपुर में स्वतंत्रता दिवस समारोह की तैयारियां तेज
इधर, राजधानी रायपुर में स्वतंत्रता दिवस के मुख्य समारोह की तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच गई हैं। पुलिस परेड ग्राउंड में फुल-ड्रेस रिहर्सल का आयोजन किया जा रहा है। मुख्य समारोह में होने वाली परेड को लेकर सुरक्षा, अनुशासन और प्रस्तुति से जुड़ी तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है।
इस वर्ष स्वतंत्रता दिवस की मुख्य परेड विशेष आकर्षण का केंद्र रहेगी। परेड में कुल 17 टोलियां सलामी देंगी। इनमें सीमा सुरक्षा बल (BSF), केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF), भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (ITBP), केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (CISF) और सशस्त्र सीमा बल (SSB) की टुकड़ियां शामिल होंगी। इसके अलावा बिहार पुलिस की एक टुकड़ी भी इस बार परेड में हिस्सा लेगी।
पुलिस और सुरक्षा बलों की टुकड़ियां दिखाएंगी दमखम
मुख्य परेड में छत्तीसगढ़ पुलिस की पुरुष और महिला टुकड़ियों के साथ-साथ जेल पुलिस, होम गार्ड और NCC की यूनिट्स भी शामिल होंगी। अलग-अलग सुरक्षा बलों और पुलिस इकाइयों की टुकड़ियां कदम से कदम मिलाकर मार्च करते हुए समारोह की भव्यता बढ़ाएंगी। वहीं, इस बार माउंटेड यूनिट और डॉग स्क्वाड भी अपने विशेष प्रदर्शन से दर्शकों का ध्यान आकर्षित करेंगे। इन दोनों यूनिट्स के प्रदर्शन को समारोह के प्रमुख आकर्षणों में शामिल किया गया है।
IPS विमल कुमार पाठक होंगे परेड कमांडर
स्वतंत्रता दिवस की मुख्य परेड की कमान IPS विमल कुमार पाठक संभालेंगे। वे परेड कमांडर की जिम्मेदारी निभाएंगे, जबकि निशांत कुमार कुर्रे 2IC के रूप में परेड संचालन में सहयोग करेंगे।
स्वतंत्रता दिवस समारोह को लेकर पुलिस और प्रशासन की ओर से सुरक्षा व्यवस्था को भी मजबूत किया जा रहा है। फुल-ड्रेस रिहर्सल के जरिए परेड, सलामी और अन्य कार्यक्रमों की तैयारियों को परखा जा रहा है, ताकि 15 अगस्त को मुख्य समारोह निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार भव्य और व्यवस्थित तरीके से आयोजित किया जा सके।