CG NEWS: शराब घोटाले में सौम्या चौरसिया 3 दिन की ED रिमांड पर
CG NEWS: शराब घोटाले में सौम्या चौरसिया 3 दिन की ED रिमांड पर
रायपुर। शराब घोटाले में दूसरी बार निलंबित राप्रसे अधिकारी सौम्या चौरसिया को ईडी ने 3 दिन की रिमांड पर लिया है। मंगलवार रात ईडी ने पूछताछ के बाद सौम्या को गिरफ्तार किया। यह गिरफ्तारी कारोबारी लक्ष्मीनारायण बंसल और कथित तांत्रिक केके श्रीवास्तव से पूछताछ में मिले इनपुट के आधार पर की गई।
सौम्या को आगे की पूछताछ के लिए विशेष कोर्ट में पेश किया गया, जहां बहस के बाद जज ने उन्हें 3 दिन की ईडी रिमांड पर सौंपा। इस दौरान ईडी के अधिवक्ता डा. सौरभ पांडेय ने बताया कि इस घोटाले में सौम्या को लक्ष्मीनारायण बंसल के जरिए कुल 115 करोड़ रुपए मिले थे। इसमें से 72 करोड़ रुपए केके श्रीवास्तव के जरिए हवाला किए गए, जबकि 43.50 करोड़ रुपए की सौम्या की डायरी में एंट्रियां मिली हैं।
पूछताछ के दौरान सौम्या ने हीलाहवाला की, जिस कारण उन्हें गिरफ्तार किया गया। सौम्या की ओर से हर्ष परगनिहा ने बचाव किया।
बता दें कि सौम्या चौरसिया कोयला घोटाले की मुख्य आरोपियों में शामिल हैं। इससे पहले मई में सुप्रीम कोर्ट की शर्तों पर सौम्या समेत छह आरोपियों को रिहा किया गया था, जिन पर राज्य से बाहर रहने के निर्देश थे। रिहाई के बाद सौम्या बंगलुरू में रह रही थीं और हर माह कोर्ट में अपनी उपस्थिति दर्ज कराती थीं।