CG NEWS: गुरु घासीदास जयंती पर सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले में रहेगा ड्राई डे

छत्तीसगढ़ December 17, 2025 • रिपोर्टर: raigarh top news
CG NEWS: गुरु घासीदास जयंती पर सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले में रहेगा ड्राई डे

CG NEWS: गुरु घासीदास जयंती पर सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले में रहेगा ड्राई डे

सारंगढ़-बिलाईगढ़: संत शिरोमणि गुरु घासीदास जयंती के अवसर पर जिले में श्रद्धा और सामाजिक मर्यादा बनाए रखने के लिए जिला प्रशासन ने 18 दिसंबर को शुष्क दिवस (ड्राई डे) घोषित किया है। कलेक्टर एवं जिला दण्डाधिकारी डॉ. संजय कन्नौजे द्वारा जारी आदेश में जिले की सभी मदिरा दुकानों को पूर्णतः बंद रखने के निर्देश दिए गए हैं।

आदेश के तहत जिले में संचालित देशी, विदेशी और कंपोजिट मदिरा दुकानों के साथ-साथ उनके संलग्न अहाते भी बंद रहेंगे। इसमें CS-2 (देशी मदिरा), CS-2 कंपोजिट और FL-1 (विदेशी मदिरा) दुकानों के अहाते शामिल हैं।

जारी आदेश में स्पष्ट किया गया है कि शुष्क दिवस के दौरान मदिरा का विक्रय, निर्माण, संग्रहण, धारण और परिवहन पूरी तरह से निषिद्ध रहेगा। आदेश का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ आबकारी अधिनियम और संबंधित कानूनों के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन ने आबकारी विभाग, पुलिस और संबंधित अधिकारियों को कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।

शुष्क दिवस के दौरान जिले के विभिन्न क्षेत्रों में सतत निगरानी रखी जाएगी और विशेष रूप से सीमावर्ती व संवेदनशील क्षेत्रों में अतिरिक्त सतर्कता बरतने के आदेश दिए गए हैं।

गौरतलब है कि गुरु घासीदास छत्तीसगढ़ के महान संत माने जाते हैं और उनकी जयंती पर श्रद्धा, शांति और सामाजिक सद्भाव के वातावरण में कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं। जिला प्रशासन ने आम नागरिकों, व्यापारियों और मदिरा दुकानदारों से आदेश का पालन करने और पर्व को गरिमा एवं शांति के साथ मनाने की अपील की है।

खबर शेयर करें: